- Hindi News
- National
- Kishanganj News Rajasthan News Prizes Distributed To Those Who Make Tableaux And Farce
झांकियां और स्वांग बनाने वालों को बांटे पुरस्कार
कस्बे में आयोजित हुए 134वें फूलडोल लोकोत्सव के तहत बुधवार रात को आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फूलडोल लोकोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में निकाले गए स्वांग व झांकियां बनाने वालों को पुरस्कार वितरित किए गए।
आयोजन समिति के अध्यक्ष रवि कटारिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वैभव चौधरी, प्रियरंजन व महामंत्री चौथमल गुर्जर ने बताया कि पांच दिवसीय फूलडोल महोत्सव के तहत बुधवार रात को सीनियर हायर सैकंडरी स्कूल के मैदान में सहयोग देने व झांकियाें का प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत भंवरगढ़ के पूर्व सरपंच धर्मराज चौधरी व महंत प्रीतमदास ने पुरस्कार दिए। इस दौरान एएसआई राधाकिशन, पूर्व सरपंच राकेश नागर, अजीत सिंह हाड़ा, मदन शाक्यवाल, हरीश रावत व संजय राठौर भी मौजूद थे।
रंगारंग कार्यक्रम के दौरान पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत: फूलडोल लोकोत्सव के तहत बुधवार रात को रानी म्यूजिकल ग्रुप कोटा की ओर से रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जिससे कार्यक्रम में कुछ देर बाधा भी आई। म्यूजिकल ग्रुप की ममता जापानी ने मुखड़ा चांद का टुकड़ा पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसी दौरान दर्शक झूम उठे और दर्शक दीर्घा में नाचने लगे। दर्शकांे को शांत करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने स्टेज पर पत्थर भी फेंके। वहीं कलाकार सोनिया ने फिल्मी गाने पर नृत्य की प्रस्तुति दी, तो दर्शकों ने खूब हुड़दंग की। जिस पर पुलिस के जवानों को दर्शकों को बैठाने के लिए सख्ती दिखानी पड़ी। इस बीच थोड़ी देर कार्यक्रम को रोकना भी पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दर्शकों को शांत किया। इसके बाद कार्यक्रम शुरू हो सका। कलाकार रानी ने लोकगीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। रात साढ़े 11 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात डेढ़ बजे तक चला।
मुस्लिम समाज को विशेष पुरस्कार व सम्मान से नवाजा: फूलडोल आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष राजाराम राठौर व महामंत्री किशन चौहान ने बताया कि फूलडोल लोकोत्सव के मुख्य आकर्षण चलते फिरते लोकानुरंजन स्वांग एवं रात में निकाली गई शोभायात्रा में शामिल झांकियों को देखने आने वाले दर्शकों के लिए फूलडोल मार्ग पर मस्जिद के नजदीक मुस्लिम समाज ने सामूहिक रूप से सबील लगाकर चाय, शरबत व पेयजल की व्यवस्था की। आपसी सौहार्द के प्रतीक फूलडोल लोकोत्सव पर मुस्लिम समाज की ओर से जलपान की व्यवस्था करने पर विशेष पुरस्कार से नवाजा गया।
किशनगंज. फूलडोल लोकोत्सव के दौरान कार्यक्रम देखने उमड़े दर्शक।