- Hindi News
- National
- Baran News Rajasthan News Restrictions On Porn Sites Helpful Steps In Building A Better Society Panachand
पोर्न साइट्स पर लगे प्रतिबंध, बेहतर समाज निर्माण में मददगार कदम: पानाचंद
दैनिक भास्कर की ओर से चलाई जा रही पोर्न साइट्स पर प्रतिबंध की मुहिम से बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल सक्रियता से जुड़ गए हैं। उन्होंने पोर्न साइट पर पूर्णतया प्रतिबंध की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काे पत्र लिखा है।
साथ ही कहा है कि पोर्न साइट्स पर पूर्णतया प्रतिबंध लगे। इसको लेकर राज्य सरकार से भी केंद्र सरकार पर दबाव बनाने का आग्रह किया जाएगा। प्रदेश के मंत्री, विधायकों से संपर्क कर इसको लेकर समर्थन जुटाया जाएगा। विधायक पानाचंद मेघवाल ने बताया कि पोर्न साइट्स के कारण समाज पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। सहजता से ही उपलब्ध होने से किशोर मन पर गलत असर पड़ता है। सामाजिक विकृतियां सामने आ रही हैं। इन सबकी रोकथाम के लिए उठाने वाले कदमों में पोर्न साइट्स पर प्रतिबंध पहला कदम होगा। इसके लिए पूरी तरह से प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि पोर्न साइट्स तक आसानी से पहुंच सामाजिक रिश्तों को तार-तार कर रही है। इसका प्रभाव बच्चों से लेकर युवाओं तक अधिक है। इसका उपयोग लगातार बढ़ना चिंताजनक स्थिति है। इस पर प्रतिबंध को लेकर कड़ा कानून बनाने की आवश्यकता है। इंटरनेट के दुरुपयोग से अपराध बढ़ रहा है। इससे किशारों में डिप्रेशन बढ़ रहा है। सरकार पोर्न साइट पर प्रतिबंध लगाए और सख्ती बरतें, तो समाज से यह जहर खत्म हो सकता है।
जनहित में दैनिक भास्कर का अभियान
विधायक पानाचंद ने कहा कि दैनिक भास्कर का अभियान सही मायने में अच्छा और जनहित में है। पोर्न साइट्स पर प्रतिबंध लगाने का कदम एक बेहतर समाज के निर्माण में मददगार होगा। सुरक्षित समाज निर्माण करने के लिए सरकार ऐसी वेबसाइट पर प्रतिबंध के लिए आवश्यक कदम उठाए।
राज्य सरकार के समक्ष उठाएंगे मामला, समर्थन के लिए मंत्रियों से करेंगे संपर्क
विधायक पानाचंद ने बताया कि पोर्न साइट पर प्रतिबंध समाजहित और जनहित का मामला है। राज्य सरकार के समक्ष इस मामले को प्रमुखता से रखा जाएगा। जिससे केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर इन पर प्रतिबंध को लेकर कानून बनाया जाए। साथ ही राज्य के विधायक, मंत्रियों से भी समर्थन को लेकर सक्रियता से संपर्क करेंगे।
पानाचंद मेघवाल