- Hindi News
- National
- Kishanganj News Rajasthan News Swangs Turned Out To Be During The Procession
शोभायात्रा के दौरान निकले स्वांगों ने मोहा
होली पर्व पर कस्बे में 134वां फूलडोल लोकोत्सव आयोजित किया। इस दौरान मंगलवार दोपहर को स्वांग तमाशा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। रात को शोभायात्रा के दौरान निकली झांकियों ने श्रद्धालुओं को लोक संस्कृति के दर्शन करवाए।
रविवार को शूटिंगबॉल प्रतियोगिता के साथ फूलडोल लोकोत्सव का आगाज हुआ था। सोमवार दोपहर को कलशयात्रा निकाली गई, जो चतुर्भुजनाथ मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होते हुए सीनियर स्कूल परिसर पहुंची। जहां रानीबड़ौद के ग्रामीण मायरा लेकर पहुंचे। सोमवार रात को होलिका दहन के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। चतुर्भुजनाथ पर आयोजित भजन संध्या रातभर चली। धुलंडी पर देवताओं के नाई कहे जाने वाले काला-गोरा के स्वांग के साथ ही कस्बेवासियों ने होली खेलना शुरू किया। स्थानीय कलाकारों ने आदिवासी नृत्य से समां बांध दिया। अंत में निकले ख्यातनाम रावण जटायु के स्वांग को लोगों ने खूब सराहा। रात को निकाली शोभायात्रा में स्थानीय कलाकारों ने गणपति सवारी, इंद्रलोक, शिव-पार्वती, राम-लक्ष्मण, महाकाली समेत कई देवी-देवताओं की झांकियां निकाली। मुख्य आकर्षण का केंद्र कृत्रिम हाथी पर विराजित चतुर्भुज नाथ की प्रतिमा रही। सुबह करीब छह बजे करीब हाथी पर विराजित चतुर्भुजनाथ की प्रतिमा सक्सेना परिवार के घर पहुंचने के बाद सक्सेना परिवार ने चतुर्भुजनाथ के साथ होली खेली।
वहीं मंगलवार रात को मुख्य पारंपरिक समारोह में मुख्य अतिथि जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक ललित मीणा, सरपंच संघ अध्यक्ष राकेश नागर, बजरंगगढ़ सरपंच दुर्गाशंकर नागर, समाजसेवी रामनिवास मीणा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य पुरुषोत्तम मीणा थे। समारोह की अध्यक्षता पटेल मनोज चौधरी ने की। आयोजन समिति के अध्यक्ष रवि कटारिया के साथ संयोजक गजेंद्र पंवार, राजाराम राठौर, इसराईल मोहम्मद, अजीत हाड़ा, रवि गुर्जर, प्रियरंजन, महेश कटारिया, दीपक सनोठिया, राकेश सनोठिया ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं फूलडोल लोकोत्सव पर धुलंडी के दिन आयोजित दोपहर के स्वांगों में भीड़ सामान्य रही। वहीं रात को शोभायात्रा में झांकियों की संख्या भरपूर रही।
मायरा के दौरान निभाई गई कई अहम रस्में
आयोजन समिति के सदस्य वैभव चौधरी व पवन लुहारिया ने बताया कि सोमवार को लोक उत्सव के दौरान चारभुजा नाथ मंदिर से कलशयात्रा का आयोजन हुआ। जो प्रमुख मार्गों से होते हुए सीनियर स्कूल के मैदान में पहुंची। आयोजन समिति के अध्यक्ष रवि कटारिया ने बताया कि यहां कई रस्मों के बाद रानीबड़ौद से आए मायरे का कार्यक्रम हुआ। रानीबड़ौदवासी कपिल मारन की अगुवाई में मायरा लेकर पहुंचे। इसके बाद कलश यात्रा वापस मंदिर पहुंची। रात को पारंपरिक तरीके से होलिका दहन हुआ। होलिका दहन करने से पहले कसबेवासी पटेल मनोज चौधरी के आवास पर पहुंचे। जहां आयोजन समिति के सदस्यों व अन्य लोगों का स्वागत किया गया।
कोयला. कस्बे में होली व धुलंडी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान युवाओं ने एक-दूसरे को रंग लगाया। महिलाओं ने तरह-तरह के व्यंजन बनाए।
अटरू. भारतीय दलित साहित्य अकादमी ने वृद्धाश्रम में होली मिलन पर्व मनाया। दोपहर बाद बाबा रामदेव वृद्धाश्रम पहुंचे अकादमी के संभाग अध्यक्ष बाबूलाल निर्मल, जिलाध्यक्ष बद्रीलाल धाकड़, तहसील अध्यक्ष प्रहलाद बैरवा, सह अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, प्रदीप बागड़ी ने वृद्धजनों को तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया।
पलायथा. लोगों ने उल्लास से धुलंडी पर्व मनाया। लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। सहकारी अध्यक्ष शिवराज सिंह सोलंकी ने ढोल-नगाड़े के साथ गली-मोहल्ले में पहुंचकर ग्रामीणों को गुलाल लगाई।
किशनगंज. लोकोत्सव के दौरान निकाली रावण-जटायु युद्ध की झांकी।