- Hindi News
- National
- Kishanganj News Rajasthan News The Cast Of Ranibraud Captured The Phuldol Cup By Performing Well
रानीबड़ौद के कलाकारों ने उम्दा प्रदर्शन कर फूलडोल कप पर जमाया कब्जा
कस्बे में पांच दिवसीय 134वें फूलडोल लोकोत्सव का पुरस्कार वितरण व हाड़ौती कवि सम्मेलन के साथ समापन हुआ। कस्बे के सीनियर स्कूल के खेल प्रांगण में हाड़ौती कवि सम्मेलन का आयोजन किया।
कवि सम्मेलन के दौरान कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को गुदगुदाने के साथ ही वीर रस, देशभक्ति व शृंगार रस की कविताओं के माध्यम से श्रोताओं का दिल जीत लिया। कवि सम्मेलन की शुरुआत कवियत्री उषा शर्मा की ओर से सरस्वती वंदना वीणा वादिनी शारदा दे मुझको वरदान से की। कवि आरसी आदित्य ने चमन लूटा लुटेरों ने कभी लूटा कालों ने कभी लूटा है गोरों ने सुनाकर समा बांध दिया। कवि सम्मेलन के दौरान कवियों ने राजनेताओं पर भी जोरदार तंज कसकर दर्शकों की तालियां बटोरी। इस दौरान कवि भैरूलाल भास्कर ने वह मार गई तीर तिरछे झांक-झांककर, वह फेंक गई बेर चाख चाखकर पर दर्शकों ने तालियां बजाई। कवियत्री दीक्षा सुमन ने गोरी सूरतिया काली पड़गी रे सांवरिया थारा चना की रुखाली में पर खूब तालियां बटोरी। कवि मेवाराम चौधरी हरियाणा, कवि रमन अजमेरी ने भी कविताएं सुनाई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में ललित वैष्णव, मोतीलाल मेघवाल, विवेक चौधरी व महंत प्रीतमदास मौजूद रहे। इस दौरान समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं कवि सम्मेलन के दौरान फूलडोल लोकोत्सव का ईनामी ड्रा भी निकाला गया। फूलडोल आयोजन समिति के अध्यक्ष रवि कटारिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वैभव चौधरी व अजीतसिंह हाड़ा ने बताया कि ड्रा के दौरान प्रथम पुरस्कार फ्रिज वर्षा नागर के नाम खुला। वहीं दूसरा पुरस्कार एलईडी टीवी मेहरावता निवासी रूपनारायण के नाम खुला। इसके बाद लोकोत्सव के दौरान निकलने वाले स्वांग व झांकियों के कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। फूलडोल लोकोत्सव में रानीबड़ौद रघुनाथ सेवा समिति की ओर से बनाई गई भक्त प्रहलाद की झांकी को प्रथम स्थान मिला। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने रानीबड़ौद के कलाकारों को फूलडोल कप के साथ 11 हजार का पुरस्कार प्रदान किया। द्वितीय स्थान पर सिद्धार्थ एंड पार्टी किशनगंज की ओर से बनाई गई सीताहरण की झांकी रही। जिसे 51 सौ रुपए का पुरस्कार दिया। तीसरे स्थान पर शिव नवयुवक मंडल रानीबड़ौद की ओर से बनाई गई सीताहरण की झांकी रही, जिसे 31 सौ रुपए का पुरस्कार दिया। स्वांगों में प्रथम स्थान पर कल्याणजी की आरती, द्वितीय स्थान पर महाकाल का स्वांग व तीसरे स्थान पर छोटे जटायु रावण का स्वांग रहा। मकान सजावट में प्रथम स्थान पर हेमराज नागर गुरदिया परिवार का मकान रहा। दूसरे स्थान पर धनरथ जैन पाटोदी परिवार का मकान व तीसरे स्थान पर कुश कुमार परकम्या परिवार का मकान रहा। कार्यक्रम के दौरान फूलडोल लोकोत्सव में भाग लेने वाले सभी कलाकारों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
किशनगंज. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली झांकी के कलाकारों को फूलडोल कप प्रदान करते अतिथि।
किशनगंज. फूलडोल लोकोत्सव के तहत आयोजित हाड़ौती कवि सम्मेलन में रचनाएं सुनाते कवि।