- Hindi News
- National
- Barmer News Rajasthan News A Message From Gandhi39s Ideals Through Street Plays
नुक्कड़ नाटक से दिया गांधी के आदर्शों का संदेश
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में दांडी सप्ताह की वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को बाड़मेर जिला एवं पंचायत समिति मुख्यालयों पर नुक्कड़ नाटक एवं पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिता के जरिए गांधी के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया। जिले में दांडी यात्रा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय पर चौहटन रेलवे फाटक के पास नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान कलाकारों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े विविध पहलूओं पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की बात कही। जिला परिषद के सीईओ मोहन दान रतनू ने बताया कि सप्ताह के तीसरे दिन जिला मुख्यालय के अलावा पंचायत समिति मुख्यालयों पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
दांडी यात्रा की वर्षगांठ संबंधित गतिविधियां स्थगितः
दांडी यात्रा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 12 मार्च से एक सप्ताह की अवधि के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है। सीईओ मोहन दान रतनू ने बताया कि कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी होने के कारण ऐहतियात के तौर पर प्रस्तावित शेष गतिविधियों एवं आयोजन को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
चाैहटन | दांडी यात्रा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को उपखंड मुख्यालय के ढोक ग्राम पंचायत पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पर प्रभातफेरी निकालकर आमजन को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण सोलंकी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने की बात की।
बाड़मेर। नुक्कड़ नाटक से दांडी यात्रा की जानकारी देते कलाकार।