पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Gudamalani News Rajasthan News Announcement Of Five New Colleges Adm Office At Underbridge Balotra At Shastri Nagar Gate

शास्त्रीनगर फाटक पर अंडरब्रिज, बालोतरा में एडीएम कार्यालय, पांच नए कॉलेज की घोषणा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

राजस्थान सरकार की ओर से बजट पेश किए जाने के 22 दिन बाद बजट सत्र में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए बाड़मेर को सौगात दी है। 20 फरवरी को सदन में बजट पेश किया गया, जिसमें इन घोषणाअों की उम्मीद थी, अब जाकर सरकार ने बजट सत्र में ये सौगातें दी है। बाड़मेर शहर की सबसे बड़ी ज्वलंत समस्या शास्त्रीनगर फाटक एलसी-327 पर अंडरब्रिज बनाए जाने की घोषणा की है। सालों से चली आ रही बालोतरा को जिला बनाने की मांग तो पूरी नहीं हुई, लेकिन इस बार बालोतरा को एडीएम कार्यालय की सौगात दी गई है। ऐसे में सरकार ने जिला बनाने की ओर से एक कदम आगे बढ़ाया है। सिणधरी, गडरारोड, समदड़ी, सेड़वा व पाटौदी में नए राजकीय कॉलेज को खोलने, राजकीय नाहटा अस्पताल बालोतरा में 200 बैड की स्वीकृति, बायतु में इंडोर स्टेडियम, बाड़मेर में इंटेजिलबल कल्चरल हैरिटेज को प्रोत्साहित किए जाने जैसी बड़ी घोषणाओं की सौगात दी गई। शहर में शास्त्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज बनने से कई कॉलोनियों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

जिले के तीन कॉलेज क्रमोन्नत, सेड़वा में एसडीएम कार्यालय की घोषणा, पंचायत सहायकों का कार्यकाल बढ़ाया

> बालोतरा में एडीएम कार्यालय: पचपदरा विधायक मदन प्रजापत की ओर से लंबे समय से बालोतरा को जिला बनाने की मांग की जा रही थी, लेकिन जिला बनाने की ओर एक कदम आगे बढ़ाते हुए अब एडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की गई है। इसके अलावा नाहटा अस्पताल में 200 बैड की स्वीकृति दी गई। डीआरजे एडीएम कॉलेज को पीजी में क्रमोन्नत किया है।

> पांच नए कॉलेज की घोषणा: शिव विधायक अमीन खां व गुड़ामालानी विधायक हेमाराम चौधरी की अनुशंषा से गडरारोड व सिणधरी को कॉलेज की सौगात दी गई। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी की अनुशंषा पर पाटौदी में राजकीय कॉलेज, इसके अलावा समदड़ी, सेड़वा में भी नवीन कॉलेज खुलेंगे।

> तीन कॉलेज क्रमोन्नत: बायतु, बाड़मेर कन्या व बालोतरा कन्या कॉलेज को स्नातक से पीजी में क्रमोन्नत किया है। बायतु में 25 लाख रुपए की लागत से इंडोर स्टेडियम भी बनेगा।

> पचपदरा रिफाइनरी क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना के लिए पेट्रोलियम, रसायन एवं पेट्रो रसायन निवेश क्षेत्र का विकास करने की घोषणा की है।

> बाड़मेर लिफ्ट परियोजना के द्वितीय चरण पार्ट ए व डी के लिए बजट का प्रावधान और परियोजना को गति देने की घोषणा की है।

> देताणी से गागरिया रोड को ग्रेफ से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।

> सेड़वा एसडीएम मुख्यालय पर गौण कृषि मंडी स्थापना।

> पंचायत सहायकों की वार्षिक अनुबंध 1 अप्रैल से एक वर्ष के लिए बढ़ाई जाएगी। शिक्षाकर्मी, पैराटीचर्स व मदरसा पैराटीचर्स के मानदेय में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी।

बाड़मेर में इंटेजिबल कल्चरल हैरिटेज की मंत्री ने की घोषणा

पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार प्रदेश में पर्यटन को गति देने के लिए कई नए कार्य कर रही है। बताया कि बाड़मेर, जैसलमेर जोधपुर, बीकानेर में इन्टेजिबल कल्चरल हैरिटेज को प्रोत्साहित किया जाएगा। पहली बार बजट में पर्यटन विभाग के लिए अतिरिक्त 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

24 घंटे में 20 से 25 बार बंद होता है फाटक, अब अंडरब्रिज बनेगा

लंबे समय से शास्त्रीनगर फाटक पर अंडरब्रिज बनाने की मांग चल रही थी। विधायक मेवाराम जैन की अनुशंषा पर अब 3 करोड़ रुपए की लागत से शास्त्रीनगर फाटक पर अंडरब्रिज बनाने की घोषणा की गई है। शास्त्रीनगर फाटक दिन के 24 घंटे में करीब 20 से 25 बार बंद होता है, ऐसे में लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

खबरें और भी हैं...