- Hindi News
- National
- Dhorimana News Rajasthan News Birth And Initiation Of Tirthankar Adinath Kalyanak 16
तीर्थंकर आदिनाथ का जन्म व दीक्षा कल्याणक 16 काे
मुमुक्षु मोहित के दीक्षा अनुमोदनार्थ महोत्सव आज
धोरीमन्ना | समस्त भौतिक सुख सुविधाओं का त्याग कर धोरीमन्ना निवासी मुमुक्षु मोहित कुमार बोहरा 21 मार्च को मुंबई में आचार्य कलाप्रभ सागर सूरीश्वर के हाथों संयम जीवन अंगीकार करेंगे।जगदीश चन्द बोहरा राणासर ने बताया मुमुक्षु मोहित के संयम अनुमोदनार्थ शनिवार को साध्वी मुक्तांजना की निश्रा मे मुमुक्षु मोहित बोहरा के निवास स्थान से सुबह 9 बजे वर्षीदान वरघोड़ा निकाला जाएगा। जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए दादावाड़ी परिसर मे अभिनंदन समारोह के रूप मे परिवर्तित होगा। तत्पश्चात साधर्मिक वात्सल्य का आयोजन परिवार की ओर से रखा गया है। रात्रि में 8 बजे मुमुक्षु की बंदोली व विदाई समारोह का कार्यक्रम होगा। जिसमें संगीत एवं संवेदना अनिल सालेचा एंड पार्टी मुंबई द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
बाड़मेर | जैन धर्म के आदि तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का जन्म व दीक्षा कल्याणक के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम विश्व शांति मंच बाड़मेर के तत्वावधान में विभिन्न संस्थाओं व मंडलो के सहयोग से शहर में अलग-अलग स्थानों पर मनाया जाएगा।
विश्व शांति मंच के संयोजक मुकेश बोहरा ने बताया कि जैन धर्म के पहले तीर्थंकर आदिनाथ भगवान के जन्म कल्याणक एवं दीक्षा कल्याणक के अवसर पर 15 मार्च रविवार को बाड़मेर शहर में आराधना भवन हमीरपुरा से पाठशाला बच्चों की प्रभाती रैली आयोजित होगी, जो खागल मोहल्ला स्थित आदिनाथ जिनालय पहुंचकर मंदिर में चैत्य वंदन विधि की जाएगी। दोपहर 2 बजे आराधना भवन में आओ आदिनाथ को जाने प्रश्नोत्तरी का कार्यक्रम होगा। 16 मार्च को सुबह 7.30 बजे शांति-स्नात्र पूजा एवं रात्रि 7.30 बजे आदिनाथ भगवान जिनालय, खागल मोहल्ला में महाआरती, पालणा झूलाना व भक्ति-भावना का कार्यक्रम रखा गया है।
प्रवक्ता चंद्रप्रकाश छाजेड़ ने बताया कि हर वर्ष की भांति विश्व शांति मंच के साथ-साथ जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ महासंघ, युवा शाखा बाड़मेर, कुशल भक्ति मण्डल, चिंतामणि समर्पित ग्रुप, जैन सोश्यल ग्रुप, जैन युवा संगठन, आदिनाथ महिला मंडल, जिनशासन विहार सेवा ग्रुप, जिनशासन युवती मंच बाड़मेर की भागीदारी से जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का जन्म व दीक्षा कल्याणक हर्ष व उल्लास के साथ मनाया जाएगा।