- Hindi News
- National
- Chouhtan News Rajasthan News The University Has Given The Exam In Tents Under Center Hypertension Line
विश्वविद्यालय ने दिया सेंटर, हाईटेंशन लाइन के नीचे टेंट में दे रहे हैं परीक्षा
कॉलेज के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन, हो सकता है हादसा
जयनारायणा व्यास विश्वविद्यालय से सम्बद्ध सीमावर्ती क्षेत्र में एक निजी कॉलेज में परीक्षा सेंटर आवंटित किया गया है। यहां पर नियमों की पूरी तरह धज्जियां उड़ रही है। चौहटन क्षेत्र के साता गांव में स्थित इस निजी कॉलेज में वर्तमान में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के करीब पांच सौ विद्यार्थी परीक्षा दे रहे है। लेकिन न तो विद्यार्थियों के लिए बैठने के लिए भवन है और न ही विश्वविद्यालय के परीक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है। निजी कॉलेज परिसर में एक बड़ा टेंट लगाया हुआ है, जिसमें नीचे दरी पर एक-एक फीट की दूरी पर बैठे परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे है। लेकिन फिर भी इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन व जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। साता की इस निजी कॉलेज में परीक्षा केंद्र आवंटन करना ही संदेह के घेरे में दिख रहा है। क्योंकि जिस कॉलेज के पास अपना निजी बड़ा भवन ही नहीं है, वहां पर कॉलेज छात्रों की परीक्षा का सेंटर देना कहां तक उचित है। इससे विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे है। पूरा कॉलेज टीन शैड के बने कमरों में चल रहा है। पर्याप्त जगह नहीं होने की वजह से कॉलेज के बाहर टेंट लगाकर 495 विद्यार्थियों को नीचे बैठकर परीक्षा देना मजबूरी बन गया है।
कॉलेज के ऊपर हाईटेंशन लाइन, फिर भी दे दी मान्यता
साता स्थित इस निजी कॉलेज के ऊपर से 132केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो रहा है। लेकिन राजनैतिक पहुंच के चलते कॉलेज को मान्यता मिल गई है और यहां पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। यहां तक भी ठीक है लेकिन अब इसे विश्वविद्यालय ने परीक्षा सेंटर भी बना दिया है, जहां विद्यार्थियों के बैठने के लिए सुविधा भी नहीं है। बच्चे दरी पट्टी पर बैठकर परीक्षा दे रहे है।
नियमों की अनदेखी कर दे दिया परीक्षा सेंटर
किसी भी कॉलेज को परीक्षा सेंटर आवंटित करने के लिए विश्वविद्यालय की गाइड लाइन बनाई हुई है। जिसमें कॉलेज भवन, सुविधा, दीवार की ऊंचाई, एफडीआर व निरीक्षण सहित कई नियम शामिल होते है। लेकिन साता कॉलेज के परीक्षा केंद्र आवंटन में इन नियमों की अनदेखी की गई है। न तो कॉलेज के पास बड़ा भवन है, कॉलेज के ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही है। फिर भी परीक्षा सेंटर दे दिया।
हो सकता है बड़ा हादसा
साता स्थित इस कॉलेज के भवन के ऊपर से 132केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लेकिन विश्वविद्यालय की निरीक्षण टीम ने इसे नजरअंदाज कर सेंटर आवंटित कर दिया। बालोतरा के जसोल में रामकथा के दौरान गिरे डोम से दर्जनों लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। फिर भी साता में बच्चों को एक टेंट में परीक्षा दिला रहे है। जो चारों तरफ से कनातों से बंद है और ऊपर से बिजली की तारें गुजर रही है। वर्तमान में तेज आंधी चल रही है।
निजी कॉलेज के आगे स्थित टेंट जहां पर कॉलेज छात्र दे रहे हैं परीक्षा
-भंवरसिंह, थानाधिकारी, बाखासर
तहसीलदार के पास साता निजी काॅलेज की टेंट में परीक्षा करवाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद मैं मौके पर गया था, उस दौरान कॉलेज में परीक्षा चल रही थी। इस वजह से डिस्टर्ब नहीं किया। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉलेज प्रशासन को पाबंद किया कि टेंट में परीक्षा नहीं करवाना है और उन्हें नोटिस भी जारी किया है। आज और कल छुट्टी है, अगले दिन परीक्षा टेंट में करवाई तो कार्रवाई की जाएगी।