पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Beawer News Rajasthan News 17 Out Of 52 Submitted Security Discom Disconnected Connections Of Eight Industrial Units

52 में से 17 ने ही जमा कराई सिक्योरिटी, डिस्कॉम ने आठ औद्योगिक इकाइयों के काटे कनेक्शन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अजमेर डिस्कॉम की ओर से मिले राजस्व लक्ष्य की पूर्ती के लिए ब्यावर डिवीजन में लगातार वसूली अभियान चलाया जा रहा है। ब्यावर विद्युत वितरण निगम के अधिशाषी अभियंता दिनेश सिंह ने बताया कि पांचों सब-डिवीजन में अब तक लगभग 700 ऐसे विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेद किए गए हैं जिनका बिल लंबे समय से बकाया चल रहा है। अब तक एक कराेड़ रुपए राजस्व प्राप्ति हुई है।

निगम के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में वसूली अभियान जारी रहेगा। ब्यावर डिवीजन को इस वित्तीय वर्ष में 102 प्रतिशत की वसूली का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य पूर्ती के लिए लगभग 6 करोड़ की वसूली और की जानी है।

पांच सौ रुपए से अधिक के बकायादारों पर की जा रही डिस्कॉम की ओर से कार्रवाई

विद्युत वितरण के पांचों सब-डिवीजन में ऐसे उपभोक्ताओं की एक सूची बनाई गई है जिनके विद्युत बिल पांच सौ रुपए से अधिक हैं और उन्होंने नोटिस दिए जाने के बावजूद भी बिलों का भुगतान नहीं किया है। निगम की ओर से सूची में शामिल उपभोक्ताओं के घरों पर जाकर विद्युत बिल जमा कराए जाने के लिए समझाइश की जा रही है। निगम ने कुल 53 टीमों का गठन किया है।

सरकारी विभागों को फिर से भिजवाए गए नोटिस

ब्यावर डिवीजन की ओर से उन सरकारी विभागों को एक बार फिर से नोटिस भिजवाए गए हैं जिनका बिजली का बिल बकाया चल रहा है। निगम की ओर से दिए गए नोटिस में कहा गया कि बिलों का भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

700 कनेक्शन काटे, हुई 1 करोड़ की आय

भास्कर न्यूज | ब्यावर

ब्यावर विद्युत वितरण निगम की ओर से गुरुवार को कार्यवाही करते हुए सिक्योरिटी राशि जमा नहीं कराने पर 8 औद्योगिक इकाइयों के विद्युत कनेक्शन काट दिए। ब्यावर डिवीजन में औद्योगिक इकाइयों की लगभग 4 करोड़ 98 लाख 76 हजार रुपए बकाया हैं। गत दिनों अजमेर डिस्कॉम एमडी ने उद्यमियों को चार किस्तों में सिक्योरिटी राशि जमा कराने की छूट दी थी। जिसकी पहली किश्त फरवरी माह तक जमा करानी थी। परंतु अब तक महज 17 उपभोक्ताओं ने ही सिक्योरिटी राशि जमा कराई है।

निगम को 35 उद्यमियों ने अब तक सिक्योरिटी राशि की पहली किस्त जमा नहीं कराई जिसके कारण ही उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद कर्मचारियों ने गुरुवार को आठ औद्योगिक इकाइयों के विद्युत कनेक्शन काटे गए हैं। निगम अधिकारियों ने बताया कि सिक्योरिटी राशि नहीं जमा कराने वाले उद्यमियों पर आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी। औद्योगिक इकाइयों की ओर से हर वर्ष निगम मे सिक्योरिटी राशि जमा कराई जाती है। औद्योगिक इकाइयों की ओर से निगम में जमा कराई जाने वाली सिक्योरिटी राशि करोड़ों में होती है जो निगम की रेवेन्यू को बढ़ाती है। परंतु इस वर्ष कई औद्योगिक इकाइयों ने राशि नहीं जमा करवाई है। ब्यावर डिवीजन में सबसे ज्यादा औद्योगिक इकाइयां रीको सब-डिवीजन के अंतर्गत हैं। इसलिए रीको सब डिवीजन ही कनेक्शन काट रहा है।

चौतरफा मंदी के चलते जताई थी असमर्थता

उद्यमियों की ओर से चौतरफा मंदी के चलते सिक्योरिटी जमा कराने में असमर्थता जताई थी। जिसके बाद डिस्कॉम एमडी ने उद्यमियों की परेशानी को देखते हुए चार किस्तों में सिक्योरिटी जमा कराने की सहूलियत दी थी। निगम की ओर से औद्योगिक इकाइयों की सिक्योरिटी राशि उनके प्रतिमाह बिजली उपभोग के आधार पर तय किया जाता है।

इन विभागों का चल रहा बकाया

विद्युत निगम की ओर से मिली जानकारी के अनुसार ब्यावर डिवीजन में पुलिस विभाग 2 लाख 64 हजार, कोर्ट परिसर का 5 लाख 86 हजार व टॉडगढ़ तहसील का लगभग 96 हजार रुपए बकाया चल रहा है। निगम की ओर से इन सरकारी विभागों को कई बार पत्र लिखा जा चुका है।

ब्यावर. औद्योगिक इकाइयों के कनेक्शन काटते निगम कर्मचारी।

पांचों सब-डिवीजन में चलाया जा रहा अभियान, लंबे समय से बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के काटे जा रहे कनेक्शन
खबरें और भी हैं...