8वीं व 10वीं बोर्ड परीक्षाएं आज से
ब्यावर | माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की माध्यमिक परीक्षा गुरूवार से शुरू होने जा रही है। एसीबीइओ महेन्द्र सांगेला ने बताया की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा सुबह 8.30 बजे से शुरू होगी, जो 11.45 तक संचालित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले केन्द्र पर पहुंचना जरूरी है। जहां परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले प्रश्न पत्र दिया जाएगा।
6,543 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
प्रारम्भिक शिक्षा एवं पूर्ण प्रमाण पत्र परीक्षा 2020 की 8वीं बोर्ड परीक्षा भी गुरूवार से शुरू होने जा रही है। सीबीइओ राजेन्द्र जोशी ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी, जो शाम 4.30 बजे तक चलेगी। 8वीं बोर्ड परीक्षा में जवाजा ब्लॉक के 363 स्कूलों 6 हजार 543 विद्यार्थी पंजीकृत है। इसमें सरकारी स्कूलों के 1 हजार 853 छात्र व 2 हजार 113 छात्राएं शामिल हैं। निजी स्कूलों के 1 हजार 539 छात्र व 1 हजार 38 छात्राएं है, निजी स्कूल के 2 हजार 577 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। आठवीं बोर्ड परीक्षा ब्लॉक 61 केन्द्रों पर आयोजित होगी तथा इसके लिए 2 संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जवाजा में 29 व राजकीय सनातन धर्म उच्च माध्यमिक विद्यालय में 32 केन्द्रों की उत्तर पुस्तिकाएं इन संग्रहण केन्द्र में जमा होगी। वहीं जिले की बात करे तो आठवीं बोर्ड परीक्षा में 2 हजार 352 स्कूलों के 44 हजार 301 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। शहर परीक्षा जिले के 396 केन्द्रों पर आयोजित होगी, जिसके लिए 16 संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं।