कांग्रेसियों ने की एकेएच के पीएमअाे से चर्चा
पीएमओ को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस के पदाधिकारी।
ब्यावर| ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के चार सदस्यों के एक दल ने शनिवार को राजकीय अमृतकौर अस्पताल के पीएमओ डॉ. आलोक श्रीवास्तव से मुलाकात कर अस्पताल की प्रमुख समस्याओं के बारे में चर्चा की।
चर्चा के दौरान अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों, नर्सिंगकर्मियों की कमी के साथ-साथ अन्य आवश्यक उपकरणों का अभाव होते हुए भी रोगियों को सभी सेवाएं देने की बात कही। पीएमओ डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि एकेएच प्रबंधन सीमित संसाधनों के बाद भी रोगियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्पित है।
मुलाकात के दौरान गायनिक वार्ड में प्रसूताओं तथा परिजनों से सुविधा शुल्क लेने के मामले में पीएमओ ने बताया कि इसको रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वार्ड में सीसी टीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही परिजनों से भी अपेक्षा की जाती है कि अगर इस प्रकार का सुविधा शुल्क कोई मांगता है तो उसकी शिकायत हम तक अवश्यक पहुंचाएं ताकि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। दल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोहन मेवाड़ा, मेघराज बोहरा, सोमदेव साहू तथा मोहम्मद हारून छीपा के अलावा अस्पताल मेट्रन सीपी शर्मा शामिल थे।