- Hindi News
- National
- Beawer News Rajasthan News Corona Virus Does Not Mean Private School Operators Private Schools Remain Open Even After Orders
कोरोना वायरस से निजी स्कूल संचालकों को नहीं मतलब, आदेश बाद भी खुले रहे निजी स्कूल
प्रदेश में कोरोना वायरस को महामारी घोषित करने के बाद सरकार की ओर से सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश को निजी स्कूलों ने शनिवार को ठेंगा दिखा दिया। निजी स्कूल आम दिनों की तरह खुले रहे व कक्षाएं संचालित हुईं। इस बारे में जब निजी स्कूल संचालकों से बात की गई तो किसी ने इस संबंध आदेश नहीं आने की बात कही तो किसी ने विद्यार्थियों के स्कूल आ जाने के कारण कक्षाएं संचालित करने की बात कही। सरकारी स्कूलों में वे ही खुलीं, जिनमें बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही थीं या जिन्हें संग्रहण केन्द्र बनाया गया है।
केस संख्या 1 | शहर के अजमेर रोड स्थित सेंट्रल एकेडमी सीनियर सैकण्डरी स्कूल में कक्षा 9वीं व 11वीं के साथ अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को आम दिनों की तरह कक्षा में पढ़ाया जा रहा था। जब भास्कर टीम जब 11.48 मिनिट पर स्कूल पहुंच कर संस्था प्रधान श्रेया थानवी ने इस संबंध में पूछा तो उन्होंने इस प्रकार के आदेश की जानकारी नहीं होने की बात कही। थानवी का कहना था कि स्कूल में बच्चे आ चुके थे, ऐसे में उन्हें वापस कैसे घर भेजते, इसी कारण कक्षाएं संचालित की गई।
केस संख्या 2| सुबह 11.52 पर अजमेर रोड पर संचालित न्यूटन लर्निंग सेंटर प्ले स्कूल में छोटे बच्चे खेल रहे थे, वहीं कुछ बच्चे कक्षाओं में बैठे थे। इस संबंध में कार्यवाहक स्कूल संचालिका प्रेरणा ने सरकार के आदेश पर अनभिज्ञता जताई। स्कूल में शिक्षिकाएं बच्चों को ग्रुप में बैठा कर विभिन्न गतिविधियां करवा
रहीं थीं।
केस संख्या 3| भास्कर टीम इसके बाद दोपहर 12.12पर मेवाड़ी गेट बाहर स्थित कंचन देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी कक्षाएं संचालित हो रही थी। भास्कर टीम ने इस बारे में जब संस्था प्रधान गिरीश शर्मा से पूछा गया तो उन्होंने केवल कक्षा 11वीं के कला संकाय के विद्यार्थियों के प्रेक्टिकल आयोजित होने की बात कही, जबकि शेष कक्षाओं का अवकाश कर दिए जाने का हवाला दिया। लेकिन स्कूल में प्रवेश करते ही स्कूल प्रशासन का झूठ सामने आ गया। कक्षा पहली से सातवीं व 9वीं व 11वीं की कक्षाएं चल रही थीं। स्कूल निदेशक सुयश तातेड़ ने बताया कि बसों व ऑटो में विद्यार्थी स्कूल आ गए थे। इस कारण उन्हें नहीं भेजा गया। लेकिन बच्चों को सोमवार से स्कूल नहीं आने का बोल दिया गया है।
केस संख्या 4| इसी तरह कुमावत कॉलोनी में संचालित हो रहे केसी देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय भी अन्य स्कूलों की तरह संचालित हो रहा था। भास्कर टीम दोपहर 12.58 पर जब स्कूल पहुंचे तो स्कूल निदेशक ओमाराम राणवा ने कहा कि इस संबंध में स्कूली विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि सोमवार से 30 मार्च तक अवकाश रहेगा। जबकि स्कूल सुबह 8 से दोपहर 1.35 बजे चलता है। लेकिन भास्कर टीम के पहुंचते ही निदेशक ओमाराम राणवा ने दोपहर 1 बजे ही विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई।
इनका कहना है
सरकार के आदेश के तहत 30 मार्च तक सभी निजी व सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। इसको लेकर सभी स्कूल संचालकों को निर्देश भी जारी कर दिए है। यदि इसके बाद भी आप बता रहे हैं कि निजी स्कूल रहे तो इसकी जानकारी लेकर उक्त स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजेन्द्र जोशी, सीबीईओ,
ब्लॉक जवाजा
अजमेर रोड स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में चलती कक्षाएं।
अजमेर रोड स्थित न्यूटन लर्निंग सेंटर प्ले स्कूल में उपस्थित छोटे बच्चे।
कंचन देवी स्कूल में सरकार के आदेश के बाद भी संचालित होती कक्षाएं।