दो साल से बर्बाद हो रहा है खेल स्टेडियम
शहर के बिजयनगर रोड स्थित सेदरिया के समीप राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन काॅर्पोरेशन द्वारा निर्मित स्टेडियम का खिलाड़ी फायदा नहीं उठा पा रहे हैं। इस पर करीब 70 लाख रुपए खर्च हुए हैं। करीब चार वर्ष पूर्व खेल स्टेडियम का जीर्णोद्धार कर उसमें मल्टीपर्पज हॉल व बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण करवाया गया था। उद्देश्य था कि शहर की खेल प्रतिभाओं सुविधाओं से तराशा जा सके। परंतु उद्देश्य पूरा नहीं हुआ है।
मल्टीपर्पज हॉल व बास्केटबॉल कोर्ट शहर की खेल प्रतिभाओं के उपयोग के लिए प्रशासन को नहीं सौंपा गया है। जिसके चलते शहर का एकमात्र खेल स्टेडियम आज ‘धूल फांक’ रहा है। अनदेखी के कारण चोर भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्टेडियम के दोनों मुख्य दरवाजों के ताले तक तोड़ दिए गए थे। मल्टीपर्पज हॉल के कमराें की खिड़कियों के कांच तक तोड़ दिए गए हैं, बाथरुम के नल सहित अन्य सामान गायब हैं। स्टेडियम की सुध नहीं ली गई तो स्टेडियम का स्वरुप पूरी तरह से बिगड़ जाएगा।
इस कारण खेल विभाग ने नहीं लिया अधिकार
खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उक्त स्टेडियम में हुए निर्माण के दौरान कुछ कमियां होने के चलते अब तक उसका अधिकार नहीं लिया है। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक खेल स्टेडियम में हुए बॉस्केटबॉल कोर्ट एक समान नहीं है कोर्ट पर बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या है। इसके साथ ही स्टेडियम का मैदान कई जगह से उबड़-खाबड़ है इसी कारण आरएसआरडीसी की ओर से मैदान को समतल कराए जाने के बाद उसका खेल विभाग की ओर से उसका अधिकार लिया जाएगा।
ब्यावर. सेदरिया के समीप स्थित खेल स्टेडियम का मल्टीपर्पज हॉल।