- Hindi News
- National
- Beawer News Rajasthan News Tractor Along With Gravel Overturned On Road Due To No Action
कार्रवाई न हो इसलिए चालक मौके से भगा ले गया ट्रैक्टर, बजरी सहित ट्रॉली सड़क पर पलटी
बिजयनगर राेड पर अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्यवाही के तहत शुक्रवार काे बजरी से भरा एक ट्रैक्टर चालक माैके से ले भागा। तेज गति हाेने के कारण ट्रेक्टर पलट गया। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कार्यवाही करने वाला दल या अाम नागरिक नहीं अाए। माैके पर खलबली मच गई। दल ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर माैके से हटाया अाैर पुलिस काे साैंप दिया।
खनि अभियंता सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि खान एवं भू विज्ञान विभाग व उपखंड प्रशासन की ओर से गठित टीम की ओर से क्षेत्र में बजरी के अनाधिकृत परिवहन को लेकर समय-समय पर चैकिंग एवं कार्रवाई की जाती है। शुक्रवार सुबह तहसीलदार रमेशचंद बहेड़िया को सूचना मिली थी कि बिजयनगर रोड पर बजरी का अनाधिकृत परिवहन हो रहा है। उन्होंने इसकी सूचना उपखंड अधिकारी आईएएस जसमीत सिंह संधू को दी। सुनील कुमार शर्मा के निर्देश पर मौके पर माइंस फोरमैन उमेश साल्वी टीम के साथ पहुंचे। चैकिंग के दौरान सामने से बजरी का भरा आता दिखाई दिया। टीम ने रोककर चालक से पूछताछ करने के साथ ही बजरी परिवहन संबंधी कागजात मांगे। इससे पहले कि टीम कुछ समझ पाती चालक ने तेजगति से चलाकर ट्रैक्टर भगा ले गया। पकड़े जाने के डर से वह उसे तेज गति से बिजयनगर रोड की ओर ले गया। बताते हैं कि उसने जानबूझकर ट्रॉली को पलट दिया और मौके से फरार हो गया। ट्रॉली पलटने की वजह है नियमानुसार खाली वाहन पर कार्रवाई न होना। इसी वजह से कई बार आरोपी पकड़े जाने के डर से या तो वाहन समेत मौके से फरार हो जाते हैं या आगे तेजगति से चलते वाहन को कहीं भी मौका देखकर खाली कर देते हैं। जिससे विभागीय अधिकारी खाली वाहन पर कोई केस न बना सके।
तहसीलदार रमेशचंद बहेड़िया भी पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क किनारे पलटी ट्रॉली को मौके पर क्रेन मंगवाकर सीधा कराया और उसे जब्त कर सिटी थाना पुलिस के सुपुर्द किया।
माइनिंग फोरमैन ने दर्ज कराई एफआईआर
माइनिंग फोरमैन उमेश साल्वी की ओर से सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ राजकार्य में बाधा और, बजरी के अवैध खनन व परिवहन के आरोप में एमएमडीआर के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
ब्यावर में इसलिए फल-फूल रहा अवैध कारोबार
बताते हैं कि ब्यावर क्षेत्र में रायपुर एरिया को छोड़कर बजरी खनन के लिए कहीं कोई लीज स्वीकृत नहीं है। यही कारण है कि पाली और नागौर जिले से अवैध रूप से परिवहन कर ब्यावर में बजरी की खपत को पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक पाली में 15 से 20 और नागौर जिले में भी इतनी ही लीज स्वीकृत है। जबकि ब्यावर के अधीन रायपुर क्षेत्र में महज तीन लीज स्वीकृत है। ऐसे में ज्यादातर पाली क्षेत्र से बजरी का अनाधिकृत परिवहन हो रहा है।
पहले भी कर चुके हैं पथराव और हमला
मालूम हो कि पूर्व में भी 20 जून 2019 की रात को बजरी माफिया ने उपखंड अधिकारी आईएएस जसमीत सिंह संधू की गाड़ी को टक्कर मारकर फरार हो गए थे। इसके कुछ दिन पूर्व ही 23 मई 2019 को माइंस फोरमैन और उनकी टीम पर पथराव कर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। जिसमें माइंस फोरमैन उमेश साल्वी चोटिल भी हुए थे।
ब्यावर. ट्रैक्टर ट्रॉली पलटकर चालक भाग छूटा। चैकिंग टीम ने मौके पर क्रेन की सहायता से उठवाकर किया जब्त।