- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News 945 Villages Of Seven Tehsils Will Get Chambal Water Three Stadiums And Two Troma Centers Will Be Built In The District
सात तहसीलों के 945 गांवों को मिलेगा चम्बल का पानी, जिले में तीन स्टेडियम और दो ट्रोमा सेंटर बनेंगे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए भरतपुर के लिए कई घोषणाएं कीं। इसमें तीन स्टेडियम, दाे ट्राेमा सेंटर, सीकरी में नगर पालिका, रूपवास में कालेज सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, खेल, शिक्षा, स्थानीय निकाय, विकास, पेयजल, तकनीकी शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में घाेषणा की गई हैं, जिससे जिले में विकास के रास्ते खुलेंगे। सबसे अधिक नदबई और नगर विधानसभा क्षेत्र को फायदा हुआ है। इन घोषणाओं के राजनीतिक मायने भी हैं, क्योंकि इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों से विधायक बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। माना जा रहा है कि इसी कारण इन्हें ज्यादा महत्व दिया गया है। नदबई के उच्चैन में ट्रोमा सेंटर बनेगा। साथ ही तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आईटीआई स्किल सेंटर की स्थापना की जाएगी। नदबई में स्टेडियम भी मंजूर किया गया है, जिसके लिए 25 लाख रुपए मिलंेंगे। यहां देवनारायण गुरुकुल योजना के तहत सरकारी छात्रावास भी खुलेगा। नगर विधानसभा क्षेत्र के सीकरी में नगर पालिका और कॉलेज और नगर में ट्रोमा सेंटर और स्टेडियम खोलने की घोषणा की गई है। बयाना विधानसभा क्षेत्र के बयाना स्थित राजकीय महाविद्यालय को स्नातक से स्नातकोत्तर में क्रमोन्नत किया जाएगा तथा रूपवास में सरकारी कॉलेज खुलेगा। इसके अलावा भुसावर अस्पताल को तीस से पचास बैड तथा सीएचसी कामां को 50 से 100 बेड का हॉस्पीटल करने की घोषणा भी सीएम ने की है। घोषणाओं में पहाड़ी में स्टेडियम बनाने की बात भी कही गई है। खास बात यह है कि भरतपुर की पेयजल समस्या को लेकर सीएम ने फोकस किया है। उनकी घोषणाओं में चंबल पेयजल योजना के तहत रूपवास, कुम्हेर, कामां, पहाड़ी, डीग, नगर और भरतपुर तहसीलों के 945 गांवों को इस योजना से
जोड़ा गया है।
वैर : भुसावर कस्बे का सरकारी अस्पताल अब 50 बेड का होगा
विधानसभा क्षेत्र के भुसावर के सरकारी अस्पताल को क्रमोन्नत करने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की है। अभी तक यह अस्पताल 30 बैड का है। घोषणा के बाद यह 50 बैड का हो जाएगा। स्थानीय विधायक भजनलाल ने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इलाज में सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को भरतपुर और आसपास के शहरों में जाना नहीं पड़ेगा।
बीस मार्च तक होगी गिरदावरी
मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं में ओलावृष्टि से नुकसान से राहत की घोषणा भी गई है जिसका फायदा भरतपुर जिले के ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मिल सकेगा। फसल खराबे के आंकलन के लिए सरकार विशेष गिरदावरी करा रही है जिसे 20 मार्च तक पूरा किया जाएगा। उल्लेखनीय है के भरतपुर जिले की भरतपुर, रूपवास, डीग, कुम्हेर, नदबई सहित दूसरी तहसीलों में ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है।
नदबई : अब नई घोषणाएं, बजट में भी रखा था ध्यान
यहां खेल स्टेडियम, सरकारी आईटीआई कॉलेज, देवनारायण गुरुकुल योजना के तहत सरकारी छात्रावास व उच्चैन में ट्रोमा सेंटर खोलने की घोषणा सीएम ने की। नदबई में रीको इंडस्ट्रीज एरिया एवं उच्चैन में नगर पालिका की घोषणा गत दिनों सीएम ने पहले ही कर दी थी। इसके अलावा 4 नई सौगातों से नदबई क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। विधायक अवाना ने बताया कि खेल स्टेडियम खुलने से युवाओं को सेना भर्ती पुलिस भर्ती की फिजिकल तैयारी करने का स्थान मिलेगा साथ ही खेल प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलेगा। निजी आईटीआई कॉलेजों में दी जाने वाली मोटी फीस से क्षेत्र के विद्यार्थियों को सरकारी आईटीआई कॉलेज खुलने से राहत मिलेगी। देवनारायण गुरुकुल योजना के तहत बच्चों को छात्रावास सहित शिक्षा ग्रहण करने का लाभ मिलेगा। उच्चैन में ट्रोमा सेंटर खुलने से एक्सीडेंट में घायलों को मिलेगा तुरंत उपचार की सुविधा मिलेगी।
सीकरी में अब नगर पालिका बनेगी, कॉलेज भी खुलेगा
सीकरी में लंबे समय से चली आ रही नगर पालिका की मांग को भी सरकार ने पूरा कर दिया है। हालांकि इसकी उम्मीद पहले से ही थी क्योंकि विधायक वाजिब अली ने बजट सत्र शुरू होने से पहले ही बता दिया था कि जल्द ही सीकरी के नगर पालिका की घोषणा हो जाएगी। लगभग 23 हजार की आबादी वाले इस कस्बे में वर्तमान में सीकरी में 11 हजार मतदाता है। 23 वार्डों में विभाजित यह कस्बा पिछले कई वर्षों से नगर पालिका की मांग कर रहा था। बड़ी आबादी वाले इस कस्बे में ना तो पर्याप्त सफाई कर्मी थे और न ही विकास कार्यों के लिए बजट। विधायक वाजिब अली ने बताया कि बजट से पहले ही मुख्यमंत्री से यह मांग पुरजोर तरीके से की थी। और उन्होंने इसका आश्वासन भी दिया था। विधानसभा क्षेत्र के नगर में ट्रोमा सेंटर भी खोला जाएगा।
बयाना कॉलेज पीजी होगा आैर रूपवास में नया खुलेगा
बयाना के सरकारी कॉलेज को स्नातकोत्तर में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है। रूपवास में सरकारी कॉलेज खुलेगा। विधायक अमरसिंह जाटव ने बताया कि बयाना के सरकारी कॉलेज को पीजी में क्रमोन्नत कराने के लिए पिछले 5 साल से छात्र संगठनों व राजनैतिक संगठनों तथा आम जनता की ओर से मांग की जा रही थी। कॉलेज के पीजी में क्रमोन्नत होने से बयाना, रुपवास, भुसावर, रुपवास आदि तहसीलों के 100 से अधिक गांवों के छात्रों को फायदा होगा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. महेशचंद्र शर्मा ने बताया कि कॉलेज के पीजी में क्रमोन्नत होने से उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को भरतपुर अथवा जयपुर नहीं जाना पडेगा। कॉलेज को मिलने वाले फंड में बढ़ोत्तरी होगी। रूपवास में सरकारी कॉलेज की स्थापना से इलाके के 30 गांवों के छात्रों को लाभ मिलेगा।
भरतपुर. चंबल परियोजना के तहत डाली जा रही पाइप लाइन। (फाइल फोटो)
नदबई में जल्द बनेगा आईटीआई िस्कल सेंटर, देवनारायण छात्रावास का भी होगा निर्माण