आशा सहयोगिनी ने कोरोना वायरस से किया जागरूक
भरतपुर| कोरोना वायरस की रोकथाम व आमजन को जागरूक करने के लिए रविवार को महिला दिवस पर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। ग्रामसभा में एएनएम व आशा सहयोगिनी ने कोरोना वायरस से ग्रामीणों को जागरुक किया और सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना वायरस रोकथाम के लिए पंपलेट वितरण कर जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. कप्तान सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों पर होने वाली ग्रामसभाओं में एएनएम व आशा सहयोगिनियों ने ग्रामीणों को कोरोना वायरस के रोकथाम के संबंध में जागरूक किया। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों से जाने से बचने के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड व अन्य संस्थानों में आमजन को जागरूक किया जा रहा हैं। पंपलेट के माध्यम से लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए क्या करना चाहिए यह बताया। जिला आईईसी समन्वयक राममोहन जांगिड़ ने बताया कि आशा सहयोगिनी व एएनएम ग्राम व शहरी वार्ड में गृह भ्रमण के लिए जाने के दौरान भी आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम व नियंत्रण की जानकारी देंगी। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन, कलेक्ट्रेट परिसर, जिला अस्पताल सहित सार्वजनिक स्थान व विदेशी पर्यटक आने वाले स्थानों पर कोरोना वायरस की जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके अलावा होटल संचालकों को भी बताया गया है कि होटलों में आने वाले विदेशी पर्यटकों व जिले में विदेश से आने वाले लोगों के संबंध में सूचना चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को दें। इसके अलावा खांसी, जुकाम व बुखार पीड़ित विदेशी पर्यटक होने पर उसकी जांच चिकित्सा टीम की ओर से किए जाने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा विभाग की ओर से प्रतिदिन खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज के संबंध में चिकित्सा टीमों द्वारा जांच कर लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने सहित अन्य जानकारी के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी जिले में एडवाइजरी भी जारी की गई है।