- Hindi News
- National
- Halena News Rajasthan News Examiners Coming From The Side Of The Standing Bus Hit The Tractor
खड़ी बस की बगल से निकल रहे परीक्षार्थी ट्रैक्टर की चपेट में आए
कस्बे में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने शनिवार सुबह 10 वीं की परीक्षा देकर लौट रहे परीक्षार्थी बच्चों के दिल दहल उठे। विद्यालय के सामने खड़ी मिनी बस के समीप होकर परीक्षार्थी बच्चे निकल रहे थे तभी रेत से भरी ट्रेक्टर ट्राली वहां आ गई। इससे बस और ट्राली के बीच 2 बच्चे फंसकर रगड़ने से बुरी तरह घायल हो गए। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रैफर किया गया है। हलैना के विद्यालय में 10 वीं के बच्चे सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर हिंदी का पेपर देकर परीक्षा केंद्र से बाहर आ रहे थे। केंद्र से एक साथ सैकड़ों बच्चे बाहर निकले जो केंद्र के बाहर खड़ी बस की बगल से निकल रहे थे। तभी वहां रेत से भरी ट्रैकर ट्राली आ गई। इस बीच अधिकांश बच्चे तो समय रहते इधर उधर हट गए जबकि हलैना निवासी मनीष पुत्र लखन शर्मा व जतिन पुत्र बालस्वरूप शर्मा दोनों वाहनों के बीच बचने की कम जगह होने से फंस गए। इस दौरान अन्य बच्चों में चीख पुकार मच गई। तब चालक ने ट्रेक्टर ट्राली रोकी लेकिन तब तक दोनों वाहनों के बीच रगड़ने से बच्चे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसे देख अन्य बच्चे बदहवास होकर रोने लगे। घायल बच्चों को तुरंत हलैना पीएचसी ले जाकर उपचार कराया जहां से दोनों को भरतपुर रैफर कर दिया गया। इस संदर्भ में एसएचओ मनीष शर्मा ने बताया कि पुलिस घटना स्थल से ट्रैकर ट्राली को ले आई है। फिलहाल किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
हलैना। पीएचसी पर हादसे में घायल परीक्षार्थी बच्चा।