- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News Growing Number Of Helpless Our House Will Start A New Ashram Of 8 Thousand Capacity
असहायों की बढ़ रही संख्या, अपना घर 8 हजार क्षमता का नया आश्रम शुरू करेगा
अपनाघर आश्रम आश्रयहीन असहाय बीमार लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 8 हजार लोगों की आवासीय क्षमता के नवीन आश्रम भवन का निर्माण कराएगा। यह आश्रम करीब 7 वर्षों में बनकर तैयार होगा। जिसका नाम अपना घर प्रभु प्रकल्प रखा जाएगा। संस्थापक अध्यक्ष डा. बीएम भारद्वाज ने बताया कि दस वर्षों की वृद्धि को ध्यान में रखकर नवीन आश्रम निर्माण की योजना बनाई है। इसके लिए 57 बीघा भूमि अछनेरा रोड, खेमरा मोड पर अपना घर बंशी प्रकल्प आश्रम के निकट ही क्रय की जा चुकी है। नवीन प्रकल्प में 64 प्रकार के असहाय लावारिस बीमार लोगों के लिए सभी सुविधाओं एवं जरूरतों से युक्त भवनों का प्रावधान लिया गया है। इस आश्रम में आश्रयहीन असहाय लोगों की बीमारी, उम्र, स्वभाव, क्षेत्र, भाषा, भोजन की जरूरतों, बीमारी की श्रेणी एवं गंभीरता को देखते हुए उनकी आवश्यकता के अनुसार बेहतर आवास, भोजन, चिकित्सा की व्यवस्था के लिए योजना तैयार की गई है। इस प्रकल्प में अलग अलग लोगो के हिसाब से 64 होम बनाए जाएंगे। इस संपूर्ण प्रकल्प के निर्माण व्यवस्थाओं तथा इस अवधि में संचालन पर करीब 426 करोड़ रुपए के व्यय का अनुमान किया गया है। इस प्रकल्प को बनाने में कोई भी व्यक्ति अपना सहयोग दे सकेगा। इसके लिए कोई भी नागरिक एक वर्ग फुट भूमि क्रय में सहयोग के लिए 500 रुपये का योगदान दे सकता है। इसके साथ ही कोई भी सेवाभावी नागरिक 500 रुपये से अपनी इच्छा अनुसार सहयोग कर सकता है। इस भवन के निर्माण के लिए 101 ईंटों के सहयोग के लिए 500 रुपये की सहयोग राशि तय की गई है। वर्तमान में संस्था के 36 आश्रम संचालित है। जिसमें भरतपुर अपना घर आश्रम का प्रतिदिन का खर्चा 5 लाख रुपए से अधिक का है।