- Hindi News
- National
- Deeg News Rajasthan News Minister And Mla Met Farmers Suffering From Hailstorm Assured To Get Compensation
ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों से मिले मंत्री और विधायक, मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन
क्षेत्र में ओलावृष्टि एवं बरसात से हुए फसल खराबे के नुकसान को लेकर रविवार को डीग अंतर्गत गांव बहज पहुंचे केबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने किसानों को उनकी फसल के खराबे का उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इससे एक दिन पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने डीग-कुम्हेर के कई गांवों का दौरा कर फसल के नुकसान का जायजा लिया और ग्रामीणों से बात की। रविवार की शाम बहज के राधा-कृष्ण मंदिर पर किसानों से फसल के नुकसान की जानकारी लेते हुए मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने किसानों को विशेष आर्थिक पैकेज देने की बात कहते हुए कहा कि सरकार किसानों के साथ है। मुख्यमंत्री से बात की है। सर्वे को लेकर कोई भी शिकायत हो तो सीधे एसडीएम व तहसीलदार से शिकायत करें।
इधर कुम्हेर में कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने किसानों से कहा कि जाम लगाना किसी समस्या का समाधान नही है। जिसके कारण लोगो को परेशानी होती है। पीड़ित किसानों की हर फसल का मुआवजा मिले इसके लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। मंत्री सिंह ने अजान, तालफरा, अभौरा, अवार आदि गांवों का भी दौरा कर किसानों से फसलों में हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली। कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने किसानों की बात सुनकर कहा किसानों के लिए इस ओलावृष्टि से बड़ा और कोई कहर नहीं हो सकता। मैं किसानों के साथ रहा हूं और हमेशा रहूंगा, किसानों के लिए फसल का मुआवजा दिलाया जाएगा।
नदबई/रूदावल| विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने अधिकारियों के साथ गांव करीली, घेरा, लुहासा बहरामदा सहित उच्चैन के गांवों पहुंचकर किसानों की फसलों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि उच्चैन, खरका, गहलऊ, चक खरका, खरैरा, बरकोली, जयचोली, भोंट, फतेहपुर, सहना, तेहरा ब्राह्मण आदि में ओलावृष्टि से 70-80 प्रतिशत नुकसान हुआ है। विधायक ने शीघ्र ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से ओलावृष्टि से किसानों की फसल में हुए नुकसान की भरपाई के लिए विधानसभा क्षेत्र नदबई को स्पेशल राहत पैकेज दिलाने की बात कही।