- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News Nafed Stopped Selling Mustard Prices Will Increase Soon
नैफेड ने बिक्री बंद की, जल्द बढ़ेंगे सरसों के भाव
नैफेड ने सरसों की बिक्री अब बंद कर दी है। इस कारण अब मंडी में सरसों के भाव बढ़ने की उम्मीद है। करीब 5 दिन के त्यौहारी अवकाश के बाद शुक्रवार को मंडी में करीब 5 हजार कट्टे सरसों की आवक हुई, लेकिन भाव बढ़ नहीं पाए क्योंकि नैफेड ने शुक्रवार को करीब एक लाख टन सरसों बेचने का आॅफर दिया था। इस कारण बड़े व्यापारी और तेल मिलर्स ने नैफेड से माल खरीदने में ज्यादा जोर दिया। नैफेड ने करीब 15 हजार टन सरसों की सेल की, जिसमें भरतपुर में करीब 4500 और धौलपुर में करीब 3000 टन सरसों बेची गई। प्रमुख ब्रोकर भूपेंद्र गोयल ने बताया कि नैफेड द्वारा भरतपुर में करीब 3735 रुपए क्विंटल तथा धौलपुर में 3701 रुपए क्विंटल में नीलामी छोड़ी गई। इस कारण नई मंडी में आई सरसों को लेकर ग्राहकी कमजोर थी। मंडी का भाव 3700 से 3725 रुपए क्विंटल रहा। इसकी एक वजह नई सरसों में नमी होना था। इसके अलावा प्रमुख कारण नैफेड की बंपर सेल होना है। किंतु अगले तीन-चार दिन बाद मंडी में भाव बढ़ने की संभावना है। ब्राेकर सुमित सरिया वाले ने बताया कि नैफेड ने करीब डेढ़ लाख टन सरसों को रहतिया मान कर अगले साल के लिए रख लिया है। इसके अलावा सरकारी खरीद अगले माह प्रारंभ हो जाएगी। सरकार ने 4425 रुपए क्विंटल में खरीद करना तय किया है। ऐसे में किसान अब माल को रोकेगा और इससे मंडी में माल की डिमांड निकलेगी। ऐसे में 100-50 रुपए की तेजी आना संभव है। उल्लेखनीय है कि जिले में 2.20 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बुबाई हुई है। यद्यपि पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसल काे काफी नुकसान हुआ है, लेकिन हफ्ते भर से मौसम साफ हो जाने के कारण सरसों की कटाई में तेजी आई है। इससे मंडी में नई सरसों की आवक बढ़ रही है।
भरतपुर. मंडी में बिक्री के लिए आने लगी नई सरसों।