- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News Panchayat Elections Today In Fear Amid Corona Parties Left Without Mask
कोरोना के खौफ के बीच पंचायत चुनाव आज, बिना मास्क के ही रवाना हुए दल
कोरोना के खौफ के बीच भरतपुर जिले की कामां और नगर पंचायत समितियों के ग्राम पंचायतों में सरपंचों व पंचों के लिए रविवार को वोट डाले जाएंगे। इससे पहले शनिवार को मतदान दलों को ट्रेनिंग के बाद रवाना तो किया गया, लेकिन उन्हें सुरक्षा के लिए मास्क उपलब्ध नहीं कराए गए। ना ही मतदान केंद्राें पर आने वाले वोटरों की सुरक्षा को लेकर कोई एहतियात बरतने की तैयारी दिखी। उल्लेखनीय है कि चौथे चरण में नगर व कामां पंचायत समिति क्षेत्र की 41 ग्राम पंचायतों के लिए 15 मार्च को मतदान होगा, जिसमें 1 लाख 29 हजार 670 मतदाता मतदान करेंगे। इन मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के लिए एक साथ एमएसजे कालेज में एक ही पंडाल में बैठाया, जहां न किसी के पास मास्क था और न ही दूरी रखी गई।
इधर, सरकार ने सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, देवनारायण छात्रावास, मदरसे, कोचिंग संस्थानों एवं दूसरे छात्रावासों को 30 मार्च तक बंद रखने के आदेश
जारी किए हैं। साथ ही कहा है कि इन आदेशों की शत प्रतिशत पालना की जाए हालांकि, कक्षा 5 एवं 8 की स्थानीय बोर्ड परीक्षाएं एवं कक्षा 10 एवं 12 की माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यथावत संचालित रहेंगी तथा गैर सरकारी विद्यालयों की बोर्ड के अलावा अन्य समस्त परीक्षाएं भी 30 मार्च के पश्चात संचालित होंगी।
विधि काॅलेज की मूट कोर्ट निरस्त
विधि कालेज के प्राचार्य कमला शरण मिश्र ने बताया कि विधि तृतीय वर्ष छठे सेमेस्टर के सभी छात्र-छात्राओं की 17 मार्च को आयोजित होने वाले द्वितीय मूट कोर्ट को कोरोना वायरस के संक्रमण व विस्तार को रोकने के उद्देश्य से निरस्त कर दिया है।
आयुर्वेद विभाग पिलाएगा काढ़ा
आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डा. निरंजन सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए औषधि काढ़ा पिलाया जा रहा है। जिसके लिए सात दिवसीय कार्यक्रम बनाया गया है, जो 19 मार्च तक चलेगा।
मतदान दलों को प्रशिक्षण में दी कोरोना से बचाव की सलाह : जिला कलेक्टर
मतदान दलों को प्रशिक्षण के दौरान कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी आवश्यक बातें बताकर जागरुक किया गया है। यदि कोई जुकाम-खांसी वाला व्यक्ति नजर आए तो दूरी रखें।
नथमल डिडेल, जिला कलेक्टर
मतदान सामग्री किट के साथ दी गई ये दवाएं
कोरोना वायरस...रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अस्पताल से भागा मरीज
आरबीएम अस्पताल के कोरोना वार्ड में कोरोना वायरस की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद निगरानी में रखा गया मरीज शनिवार शाम को अस्पताल से भाग गया। जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आरबीएम अस्पताल पुलिस चौकी को सूचना दी गई है। कोरोना वार्ड में लगे नर्सिंग स्टाफ ने मरीज को काफी ढूंढऩे का प्रयास किया, लेकिन मरीज का कुछ पता नहीं लगा। जिसके बाद कोरोना वार्ड में तैनात नर्सिंग कर्मी सुनील ने पीएमओ व आरबीएम पुलिस चौकी को सूचित किया है। असल में कोरोना वार्ड में 11 मार्च को एक मरीज भर्ती हुआ था, जिसके घर पैंघोर में उसके भाई की शादी थी और उस शादी में कुछ रिश्तेदार यूएस से शामिल होने के लिए आए थे। जब रिश्तेदार चले गए तो उसके 2 दिन बाद उसको खांसी, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत हुई। आरबीएम अस्पताल में डॉक्टर्स के पास पहुंचने पर उसे सारी बात बताई तो उन्होंने उसे कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज मानते हुए भर्ती कर लिया। उसकी सेम्पल रिपोर्ट जयपुर टेस्ट के लिए भेजी और फिर दूसरे दिन उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। परंतु उसे एहतियात के तौर पर भर्ती रखा गया था और वह शनिवार शाम करीब 4 बजे बिना बताए अस्पताल से भाग गया। कोरोना वार्ड में तैनात कम्पाउंडर सुनील ने बताया कि कोरोना वार्ड से मरीज बिना किसी को सूचना दिए भाग गया है। इधर, जामा मस्जिद स्थित लोहा बाजार संघ की ओर से व्यापारियों ने राहगीर व वाहन चालकों को रोककर 500 मास्क वितरित किए।
1. बुखार और सिरदर्द होने पर एक-एक गोली दिन में तीन बार देने के लिए- डायक्लोफेनिक एंड पैरासिटामोल 500 एमजी की 10 गोली।
2. दस्त होने पर एक-एक गोली दिन में 3 बार देने के लिए- मेट्रोनिडाजोल 400 एमजी की 10 गोली।
3. जुकाम एवं एलर्जी होने पर एक गोली लेने के लिए- क्लोरोफेनरेमाईन 4एमजी की 10 गाेली।
4. पेट दर्द होने पर एक-एक गोली दिन में तीन बार लेने के लिए- डाइक्लोमाइन की 10 गोली।
5. उल्टी होने पर एक गोली दिन में एक बार लेने के लिए- डॉमपेरीडोन 10एमजी की 10 गोली।
6. उल्टी, दस्त होने पर एक पैकेट को एक लीटर पानी में घोल बनाकर उपयोग के लिए- ओआरएस
7. दर्द होने पर लगाने के लिए-डायक्लोफेनिक जैल
8. घाव की मरहम पट्टी के लिए उपयोग में लेने हेतु- बैंडेज एक
9. कटे व चोट लगे स्थान पर लगाने के लिए-पोविडिन आइओडिन एक
भरतपुर. एमएसजे काॅलेज से चुनाव सामग्री लेकर रवाना होते मतदान दल।