रामनगर में एसडीएम ने बिजली सप्लाई के दिए आदेश
रूपवास के गांव रूंध रूपवास श्रीनगर में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम कमल सिंह यादव के मुख्यातिथ्य व सरपंच रविंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुआ। विशिष्ट अतिथि तहसीलदार अल्का श्रीवास्तव, सीबीईओ नृपतिसिंह गुर्जर व प्रधानाचार्य सीमा शर्मा थे। एसडीएम कमल सिंह यादव ने गांव रामनगर में दो दिन से बिजली की सप्लाई नहीं होने की मिली शिकायत पर जेईएन गौरव पांडे को मौके पर जाने, सप्लाई चालू कराने व समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिये। वही ग्राम पंचायत मुख्यालय के भवन पर डिमांड राशि जमा कराने के बाद भी कनेक्शन नहीं होने पर नाराजगी जताते हुये जेईएन से तुरंत कनेक्शन करने की बात कही। एसडीएम ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बालिका शिक्षा को बढाने, नशा मुक्ति, दहेज प्रथा व मृत्यु भोज को बंद करने की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने पेंशन, पालनहार योजना, खाद्य सुरक्षा, पीएम आवास योजना में नाम जुड़वाने व जाटव बस्ती में हैंडपंप लगवाने के लिए आवेदन दियें। एसडीएम ने ग्राम विकास अधिकारी को समस्त आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिये।
नदबई। क्षेत्र की ग्रामपंचायत गगवाना की राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर उपखण्ड अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने समस्याएं बताते हुए कहा कि किसान सेवा केन्द्र पर कृषि विभाग का सुपरवाइजर एवं पीएचसी पर एएनएम नहीं बैठते है जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। जिस पर उपखण्ड अधिकारी ने कृषि विभाग के सुपरवाइजर को किसान सेवा केन्द्र पर एवं एएनएम को पीएचसी पर बैठने के लिए सक्त निर्देश दिए। इसके अलावा अतिक्रमण, गंदे पानी की समस्या सहित अनेकों समस्याओं से ग्रामीणों ने अवगत कराया।
रूपवास. गांव रूंध रूपवास श्रीनगर में जनसुनवाई करते एसडीएम।