पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bharatpur News Rajasthan News The Farmer Was Shocked To See The Hailstorm Destroyed Crop Hanging On A Neem Tree On Holi Day

ओलावृष्टि से तबाह फसल को देख सदमे में आया किसान, होली के दिन नीम के पेड़ पर लटका मिला

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ओलावृष्टि से भरतपुर में तबाह हुई फसलों ने निकटवर्ती फुलवारा गांव में एक किसान परिवार की होली खराब कर दी। क्योंकि गुलाब सिंह फसलों की यह तबाही बर्दाश्त नहीं कर पाया। सोमवार 9 मार्च यानि होली वाले दिन निकटवर्ती मंदिर के पास नीम के पेड़ पर उसका शव लटका हुआ मिला। इससे परिवार तो क्या पूरे गांव में दिन भर कोहराम मचा रहा। परिजनों ने बताया कि उन्होंने आध बंटाई पर खेत ले रखा है। गुलाब सिंह ने करीब 11 बीघा में सरसों और गेहूं की फसलें बोई थीं। होली से दो दिन पहले हुई ओलावृष्टि से फसलों में भारी नुकसान हुआ। इनमें सरसों की फसल 90 फीसदी तक और गेहूं की फसल 60 से 70 फीसदी तक बर्बाद हो गई। खेतों की हालत देख वह सदमे में आ गया। गत 8 मार्च की रात्रि को बिना बताए अचानक घर से निकल गया।

परिवार वाले रातभर उसे इधर-उधर तलाशते रहे। लेकिन, कहीं भी उसका पता नहीं चला। होली वाले दिन यानि 9 मार्च को सुबह 6 बजे स्थानीय लोगों ने मंदिर पर नीम के पेड़ पर गुलाब सिंह का शव लटका हुआ देखा। सूचना मिलने पर चिकसाना पुलिस ने शव को पेड़ से उतार कर जिला अस्पताल पहुंचाया। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। बताया जा रहा है कि गुलाब सिंह की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। उसके 3 बेटे और 3 बेटियां हैं।

भाजपा नेता भी पहुंचे किसानों के पास, प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

भाजपा सहित अनेक संगठनों ने गत दिवस हुई बारिश व ओलावृष्टि पर दुख जताया व सरकार से फसलों के खराबे का मुआवजा दिलाने की मांग की है। भाजपा नेताओं ने एक दर्जन गांव का दौरा किया। पूर्व विधायक विजय बंसल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गिरधारी तिवाडी, जिला महामंत्री शिवराज तमरोली सहित नेताओं ने कहा कि सरसों व गेहूं की फसल बिल्कुल बर्बाद हो चुकी है। किसान खेलना सिंह ने बताया कि बर्बादी इतनी है कि कटाई के पैसे भी जिंस से निकलना मुश्किल है। भाजपा नेताओं ने तमरौली, मौरोली, धौरमुई, सैंथरा, नगला विलोठी, बिलौठी, जाटौली रथभान, पीपला, गुलाबी नगला, हाथी नगला, इकरन, चिकसाना, ऊंदरा, नगला जट्टा व बछामदी के गांवों का दौरा किया व किसानों की फरियाद सुनी।

पीड़ित किसानों को शीघ्र मिलेगा मुआवजा: चांदना

युवा एवं खेल मंत्री और जिला प्रभारी अशोक चांदना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। मृतक के परिवार को राज्य सरकार की बीपीएल, पालनहार, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा समेत अन्य योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक परिवार द्वारा आध बंटाई पर खेती की जा रही थी। अब परिवार को फसल खराबे का मुआवजा भी दिलाया जाएगा। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि आध बंटाई पर की जा रही फसल में खराबे के नुकसान का मुआवजा भी दिलाया जाएगा। इसके लिए नियमानुसार पीड़ित परिवार को 5 रुपए के स्टाम्प पर इकरारनामा प्रस्तुत करना होगा।

किसान गुलाब सिंह

बिना ऋणी और बंटाई पर खेती करने वालों को दिलाएंगे मुआवजा: गर्ग

इधर, तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री डाॅ. सुभाष गर्ग बुधवार को मृतक किसान गुलाब सिंह के यहां पहुंचेे तथा मृतक परिवार को फसल मुआवजा की राशि दिलाए जाने की कार्यवाही करने के निर्देश सेवर पंचायत समिति के विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा मृतक किसान परिवार की गरीबी एवं दयनीय स्थिति को मद्देनजर रखते हुए नियमों में प्रावधान न होने के बावजूद भी मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच लाख की सहायता राशि दी गई है उन्होंने ओलावृष्टि प्रभावित किसानों से बात करके नुकसान का जायजा लिया और शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

भरतपुर. पीड़ित परिवार के सदस्यों को सहायता राशि का चेक देते पर्यटन मंत्री।

पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने बुधवार को मृतक के घर जाकर परिजनों को 5 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा और परिजनों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। पर्यटन मंत्री ने सहायता राशि का चेक मिलने में देरी पर क्षमा याचना करते हुए कहा कि हम 24 घंटे के अंदर मदद देने की कोशिश करते हैं। लेकिन, जयपुर में बैठे अधिकारियों ने मदद स्वीकृत करने में 48 घंटे लगा दिए। आज भी दोपहर डेढ़ बजे से हल्ला मचा रहा हूं, तब जाकर शाम 4 बजे चेक तैयार हुआ है। अगर किसान को समय पर मदद नहीं मिलती तो इससे ज्यादा शर्मनाक बात और कोई नहीं हो सकती। उन्होंने इस बात पर भी खेद जताया कि स्थानीय सांसद और विधायक पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं आए।
खबरें और भी हैं...