- Hindi News
- National
- Bayana News Rajasthan News The Tanker Owner Misbehaved With Rpf If He Stopped Putting Slurry In Railway Land
रेलवे की भूमि में स्लरी डालने से रोका तो टैंकर मालिक ने आरपीएफ के साथ की बदसलूकी
रेलवे की जमीन में रीको पत्थर कटिंग इकाइयों का मलबा (स्लरी) फैलाने से रोकने की कार्रवाई के दौरान मलबा लाने वाले ट्रैक्टर-टैंकर मालिक के परिजनों ने आरपीएफ कर्मियों के साथ गाली-गलौच करते हुए मौके से जब्त किए गए ट्रैक्टर को छोड़ने व जान से मारने की धमकी दे दी। वहीं कार्रवाई से बचाने के लिए ट्रैक्टर चालक को मौके से भगा दिया। घटना को लेकर आरपीएफ चौकी प्रभारी एसआई मुकेश चौधरी ने ट्रैक्टर-टैंकर मालिकों नगला जलसिंह निवासी ओमप्रकाश व रवि कुमार के खिलाफ राजकार्य में बाधा व जान से मारने की धमकी देने का मामला सिविल थाने में दर्ज कराया है। आरपीएफ ने मौके से मलबे से भरा हुआ टैंकर जब्त कर केस दर्ज किया है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व भी रेलवे की जमीन में मलबा डालने को लेकर टैंकर मालिकों आरपीएफ के बीच विवाद हो गया था। आरपीएफ चौकी प्रभारी मुकेश चौधरी ने मामला दर्ज कराते हुए बताया कि स्टॉफ के साथ गश्त के दौरान उन्हें मलबे सिल्ट से भरा हुआ एक ट्रैक्टर-टैंकर रेलवे पुलिया के पास से गुजरते हुए दिखा। मलबे को रेलवे एरिया में खाली करने के संदेह में ट्रैक्टर-टैंकर को रुकवाकर चालक पठानपाडा निवासी निर्भय सिंह जोगी से पूछताछ की। लेकिन उसने कोई संतोषजनक जबाव नहीं दिया तथा टैंकर मालिक के कहने पर उसे रेलवे एरिया में लाना बताया। इसी दौरान टैंकर मालिक के परिजन ओमप्रकाश व रवि कुमार मौके पर आए तथा गाली-गलौच करते हुए पहले चालक को भगा दिया व बाद में ट्रैक्टर को छोडऩे व घर पर फोन कर हथियार मंगाकर जान से मारने की धमकी देने लगे। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि पूर्व में भी उक्त आरोपियों व उनके परिजनों ने रेलवे भूमि पर अतिक्रमण कर सिल्ट को खाली कर आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने तथा लोक सेवकों को डराने, धमकाने का कार्य किया है।
आरपीएफ ने ट्रैक्टर-टैंकर जब्त कर दर्ज कराया मामला
बयाना. आरपीएफ द्वारा जब्त मलबे से भरा ट्रैक्टर-टैंकर।