पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bharatpur News Rajasthan News Three Operators Suspended Two Officers Apo Including Chief Manager

तीन परिचालक निलंबित, मुख्य प्रबंधक समेत दो अफसर एपीओ

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लोहागढ़ आगार के कंडक्टर का अधिकारियों से सांठगांठ कर ट्रांसफर और रिमार्क से बचाने का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रबंध निदेशक नवीन जैन ने कार्रवाई करते हुए तीन परिचालकों का निलंबित कर दिया। इसी मामले में उन्होंने आगार के मुख्य प्रबंधक घनश्याम शर्मा और यातायात प्रबंधक नगेंद्र मीणा को एपीओ कर दिया है। इस कार्रवाई से राजस्थान पथ परिवहन निगम में हड़कंप मच गया है।

दैनिक भास्कर के 13 मार्च के अंक में पैसे दो, रिमार्क और ट्रांसफर सबसे बचा दूंगा-कंडक्टर शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इस खबर में लोहागढ़ आगार के कंडक्टर के वायरल वीडियो में कही गई बातों का खुलासा किया था। वीडियो में कंडक्टर ईटीएम शाखा में विभागीय कर्मियों से ट्रांसफर कराने और रिमार्क से बचने की बात कह रहा है। वह वीडियो में कह रहा है कि उसके जेएम और सीएम से काफी अच्छे संबंध हैं और कई बार काम भी करा चुका है। 9 मिनट 59 सैकंड के इस वीडियो में वह लोहागढ़ आगार के अधिकारी और कर्मचारी का नाम लेते उन्हें काम कराने के एवज में रुपए देने की बात भी कहता दिख रहा है। इस खबर के प्रकाशित होने के बाद महकमे में खलबली मच गई। मामले की जानकारी होने पर रोडवेज के प्रबंध निदेशक नवीन जैन ने वीडियो में शामिल कर्मचारियों और अधिकारी को शनिवार को सुबह 10 बजे जयपुर तलब किया। विभागीय सूत्रों के अनुसार इन सभी से वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की। एमडी के निर्देश के बाद कार्यकारी निदेशक (यातायात) एमपी मीना ने परिचालक देवी सिंह, प्रवीण मीणा और उद्धव शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान इनका मुख्यालय जयपुर होगा। प्रबंध निदेशक नवीन जैन ने लोहागढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक घनश्याम शर्मा और यातायात प्रबंधक नगेंद्र सिंह मीणा को एपीओ करते हुए मुख्यालय जयपुर से संबंद्ध किया है। वहीं लोहागढ़ आगार के प्रबंधक (वित्त) महेश गुप्ता को कार्यवाहक मुख्य प्रबंधक बनाया है।

खबर का असर
खबरें और भी हैं...