- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News Uncontrollable Car Collides With Tree Youth Dies Bike Hits Van In Bhusawar 3 Injured
नगर में बेकाबू कार पेड़ से टकराई, युवक की मौत, भुसावर में बाइक ने वैन को मारी टक्कर, 3 घायल
जिले में अलग-अलग घटित हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। नगर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने पर पीराका निवासी पवन कुमार की मौत हो गई। नदबई में कार ने बाइक को टक्कर मार दी, इससे प्रेमनगर सरकंड खेडा थाना बल्देव मथुरा निवासी कमलेश की मौत हो गई वहीं भुसावर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महतौली निवासी 26 वर्षीय जीतू पुत्र पप्पू चौधरी की मौत हो गई।
नगर कस्बे के अलवर रोड पर कार के अनियंत्रित हाेकर पेड से टकराने पर एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार की दोपहर पीराका निवासी हरगोविंद सैन का 21 वर्षीय पुत्र पवन कुमार नगर से होली खेलकर कार से वापिस गांव जा रहा था। तभी अलवर रोड पर कार अनियंत्रित होकर एक पेड से जा टकराई। जिससे कार चालक पवन की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, वैर भुसावर के स्टेट मेगा हाइवे संख्या 45 पर राजामंडी के पास बाइक चालक ने खड़ी मारूति वैन में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीन जने घायल हो गए। जिन्हें उपस्थित लोगों ने 108 की मदद से भुसावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भरतपुर रैफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार भुसावर की राजा मण्डी के पास तेज गति में आ रहे बाइक चालक ने खड़ी गाडी में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार प्यारा का नगला निवासी सुरेन्द्र पुत्र बाबूलाल, कालूराम एवं जगन सिंह मीणा घायल हो गए।
वैर...अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल, गांव में नहीं मनी होली
वैर| भुसावर क्षेत्र के गांव महतौली निवासी एक युवक की होली के दिन गांव मौलोनी पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो जाने की खबर से गांव में पूरी तरह मातम छा गया और ग्रामीणों ने होली नही खेली। जैसे ही मृतक का शव गांव में पहुंचा तो गांव में कोहराम मच गया। पूर्व सरपंच वेदप्रकाश गुर्जर ने बताया कि गांव महतौली निवासी 26 वर्षीय जीतू पुत्र पप्पू चौधरी अपने किसी मित्र के साथ होली के दिन नदबई से आ रहा था। जहां मौलोनी पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों जने गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 की मदद से हलैना के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां जीतू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायल को गंभीर अवस्था में जयपुर रैफर कर दिया गया। वहीं गांव महतौली में जैसे ही जीतू के सड़क हादसे में मौत की खबर पहुंची तो गांव में पूरी तरह शोक की लहर दौड़ गई और घरों में चूल्हे तक नही जले।
नदबई...तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, महिला की मौत
अज्ञात वाहन की टक्कर से एक जने की मौत
वैर| भुसावर नेशनल हाईवे संख्या 21 खेड़ली मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक जने की मौत हो गई, जबकि एक जना गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे महवा के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे संख्या 21 खेड़ली मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार खानपुर निवासी सौरभ पुत्र हुक्म सिंह जाटव की मौके पर मृत्यु हो गई। जबकि उम्मेद पुत्र शेरसिंह घायल हो गया। जिसे महवा के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वही मृतक के शव को पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए मोर्चरी पर रखवा दिया।
नगर. हादसे क्षतिग्रस्त कार।
रुदावल...दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत
रुदावल | गांव बांध बारैठा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक युवक की उपचार के लिए जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उच्चैन पुलिस ने बताया कि गांव नगला पुष्फेन थाना बयाना निवासी हीरासिंह (34) पुत्र बाबूसिंह कुशवाह मंगलवार को अपनी रिश्तेदारी में गांव नेकपुर आया था, जो अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से बसेडी की तरफ जा रहे थे कि बांध से आगे सड़क दुर्घटना में हीरासिंह घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए भरतपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां स्थिति गंभीर होने से जयपुर रैफर कर दिया। जिसकी जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने शव को उच्चैन सीएचसी में रखवा दिया।
नदबई | नदबई-कुम्हेर सड़क मार्ग पर बमरुकी के पास कार चालक ने तेज व लापरवाही से चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रेमनगर सरकंड खेडा थाना बल्देव मथुरा यूपी निवासी बबलू पुत्र धनवीर जाटव ने मामला दर्ज कराया है कि वह व उसकी माता कमलेश बाइक पर सवार होकर अपनी साइड में खेडली से गांव जा रहे थे। नदबई कुम्हेर सड़क मार्ग बमरुकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही चौपहिया गाडी के चालक ने तेज व लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मारकर भाग गया। बाइक पर बैठी उसकी माता कमलेश गंभीर रुप से घायल हो गई। कमलेश को उपचार के लिए नदबई सीएचसी भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया।