- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News Water Came From Goverment Drain For The First Time In March
पहली बार मार्च में आया गोवर्धन ड्रेन से पानी
पिछले दिनों बिगड़े मौसम के कारण हुई ओलावृष्टि और बारिश का घना में गुड इफेक्ट हुआ है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हुई बारिश के कारण गोवर्धन ड्रेन में पानी आ गया है। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए घना प्रशासन ने गोवर्धन ड्रेन से पानी लेना प्रारंभ कर दिया है। दो दिन में करीब ढाई एमसीएफटी पानी लिया जा चुका है और करीब 5 से 7 एमसीएफटी पानी मिलने की संभावना है। ज्ञात रहे कि सांतरुक ड्रेन का लेवल करीब 4 फीट पहुंच गया है। इस पानी को लिफ्ट किया जा रहा है। पहली बार मार्च माह में गोवर्धन ड्रेन से पानी मिलने का पहला मामला है। डीएफओ मोहित गुप्ता ने बताया कि एक पंप चलाकर गोवर्धन ड्रेन से पानी लिया जा रहा है। इस पानी को ड्राई इलाके ए ब्लाॅक में डाला जा रहा है। इससे जुड़ी डिग्गियों को भरा जाएगा। इससे गर्मी के मौसम में वन्य जीवन को पानी का संकट नहीं रहेगा। वहीं वेटलैंड एरिया के पानी को निकाला जा रहा है।
इधर, कोरोना से 50 फीसदी तक कम हुए पर्यटक
दिसंबर से फरवरी तक सीएए को लेकर एक वर्ग विशेष द्वारा देश में फैलाई गई अराजकता और अब कोरोना वायरस ने भरतपुर के पर्यटन व्यवसाय को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस कारण केवलादेव राष्ट्रीय पक्षी उद्यान में पर्यटकों की संख्या में 50 प्रतिशत तक कमी आई है। केएनपी के रेंजर पर्यटन सूर्यपालसिंह का कहना है कि कोरोना के कारण पर्यटकों की संख्या में तेजी से गिरावट आ रही है। पिछले साल के मुकाबले 50 फीसदी से भी कम ट्यूरिस्ट है। मसलन, 10 मार्च को विदेशी सैलानियों की संख्या 122 थी, जो 14 मार्च को 29 रह गए। उन्होंने बताया कि कोरोना के बचाव के संबंध में जो गाइडलाइन आई हैं, उनका अनुसरण किया जा रहा है। भरतपुर होटल एंड ट्यूरिस्ट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष रनवीर सिंह का कहना है कि विदेशी ही नहीं देशी पर्यटकों की भी बुकिंग कैंसिल हो रही है। होटल खाली पड़े हैं। स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।