- Hindi News
- National
- Bharatpur News Rajasthan News Worries Of Farmers End Disturbances Turn Towards Jammu And Kashmir Heat Will Increase
किसानों की चिंता खत्म, विक्षोभ का रुख जम्मू-कश्मीर की ओर, बढ़ेगी गर्माहट
किसानों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिमी विक्षोभ का रुख पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर की ओर हो गया है। इस कारण हवाओं की दिशा भी दक्षिणी हो गई है। इससे ओले और बारिश से त्रस्त किसान को राहत मिलेगी क्योंकि हवा का रुख बदलने से मौसम में गर्माहट आएगी। इस कारण शुक्रवार को दिन और रात के तापमान में इजाफा हुआ है। पहली बार लोगों ने दिन में चटक धूप से गर्मी का अहसास किया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिनभर दक्षिणी हवा 3 किलोमीटर की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग के मुताबिक अभी एक-दो दिन मौसम इसी तरह रहने का अनुमान है। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा और उत्तर की तरफ से आने वाली हवा के असर से तापमान में थोड़ी गिरावट होगी। आमतौर पर एक मार्च से मौसम में गरमाहट आ जाती है। इस साल बार-बार पश्चिमी विक्षोभ बनने से बारिश और ओले गिरे। इस कारण मौसम में ठंडक बनी रही। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह के अनुसार पूर्वी राजस्थान में चक्रवात बनने के कारण मौसम में ठंडक आई थी। अब यह चक्रवात पंजाब से होते हुए जम्मू-कश्मीर की ओर निकल गया है। हवा का रुख दक्षिणी हो रहा है। इससे आने वाले दिनों में मौसम में गर्माहट रहेगी। शनिवार को भी हवा का रुख दक्षिण की ओर रहेगा। इससे दोपहर में गर्माहट रहेगी। इसके बाद उत्तरी हवा चलने पर मौसम में हल्की ठंडक बढ़ेगी।