गहलोत का मोदी की भाषा में ही सवाल

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | गुलाबपुरा

दशहरा मैदान में गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने जनसभा की। आसींद क्षेत्र से प्रत्याशी मनीष मेवाड़ा के समर्थन में हुई सभा में कहा कि जुमलेबाजी से सरकार शासन चला रहे हैं। इससे जनता को गुमराह करना चाहते हैं लेकिन इस बार एक भी जुमला चलने वाला नहीं है। प्रदेश में सरकार बदलेगी।

उन्होंने कहा कि 5 वर्ष में प्रदेश में मुख्यमंत्री वसुंधरा जनता से नहीं मिलीं, जनता की समस्या क्या बतातीं? प्रधानमंत्री सहित भाजपा के नेता कहतेे हैं कि 60 वर्ष के शासन में कुछ नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को तो भाजपा ने बंद कर दिया या नाम बदल दिया। कालाधन विदेश से लाने पर कहा कि एक भी पैसा नहीं लाए। युवाओं को रोजगार भी नहीं मिला। जीएसटी व नोटबंदी से उद्योग धंधे ठप हो गए। देश की जनता को लाइन में खड़ा कर दिया। इसे ठीक करने के लिए 50 दिन का समय मांगा लेकिन जनता को अब भी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। खाद्यान्न सुरक्षा योजना पर कहा कि सूची से पात्र लोगों के नाम हटा दिए गए। पोस मशीन पूरा काम नहीं करती हैं, लोग परेशान हैं। भाजपा का काम योजना बंद करना रह गया लेकिन हम ऐसा नहीं करते। प्रदेश मे बजरी माफिया व शाराब माफिया पर कोई कर्रवाई नहीं होती। प्रदेश में पांच साल कुशासन रहा। पीड़ित की कोई सुनवाई नहीं होती। पूर्व विधायक हगामीलाल मेवाड़ा ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी मनीष मेवाड़ा ने कहा कि आशीर्वाद दें, सेवा करूंगा। पूर्व विधायक प्रदीपसिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामपाल शर्मा, पूर्व यूआईटी चेयरमैन अक्षय त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश शर्मा, हुरड़ा, आसींद ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद थे। (चुनाव पेज भी देखें)

भाइयों-बहनों! भाजपा वालों ने कहा, उसमें से कुछ भी कर पाए हों तो बताओ: गहलोत
कटाक्ष... मोदी सभाओं में कह रहे कि प्रदेश में कांग्रेस कभी बहुमत में नहीं आई जबकि हमने 156 सीटें जीती थीं
सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र पर मन की बात थोपना चाहती है जबकि जनता की बात सुननी चाहिए। प्रदेश में विकास तो हुआ नहीं, मिस फीड किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश की सभाओं में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार कभी बहुमत में नहीं आई है जबकि 156 सीट आई थीं। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र पर कहा कि घोषणा पत्र राहुल गांधी माॅडल है। हर तबके के लोगों के पास कमेटी के सदस्य गए, सबके सुझाव लेकर इसे तैयार किया है। गुजरात, कर्नाटक व मध्यप्रदेश में भी घोषण पत्र इसी माॅडल से तैयार किए गए।

गुलाबपुरा. आसींद विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष मेवाड़ा के समर्थन में सभा में मौजूद लोगों का अभिवादन करते पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।