- Hindi News
- National
- Bhilwara News Rajasthan News Brightness In The Market Before The Festival
रंगोत्सव से पहले बाजार में रौनक
बिकने लगी पिचकारियां
शीतलाष्टमी पर्व साेमवार को मनाएंगे। इसे लेकर बाजारों में चहल-पहल है। कोई पापड़, सलेवड़ा तो कोई नमकीन, रवा, चावल व घाट खरीद रहा है। कोई डेयरी बूथ पर दूध बुक करवाता दिखा तो कोई ड्राइफ्रूट व मिठाई बुक कराता नजर आया। इस दिन रंग खेलने की परंपरा के चलते बाहर के विक्रेताओं का भी शहर में जमावड़ा लगने लगा है। सदर बाजार, आजादचौक, गुलमंडी, बड़ा मंदिर क्षेत्र, धानमंडी, गांधीबाजार, सुभाष मार्केट, गोलप्याऊ चौराहा, कमाल का कुआं एवं बालाजी मार्केट सहित बाहरी कालोनियों में भी तलने की सामग्री बेचने वालों ने दुकानें सजा ली। शनिवार सुबह से यहां दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। गुलाल व रंग विक्रेता महावीर बिंदल का कहना है कि इस साल भी रंग के बजाय गुलाल की मांग अधिक है। इसे देखते हुए इस साल अलग-अलग रंगाें में हरबल सेंटेड गुलाल मंगाई गई।
पिचकारी विक्रेता जयकुमार का कहना है कि दो दिन से खरीदारों का तांता लगा है। धुलंडी पर खास बिक्री नहीं हुई, लेकिन शहर में शीतलाष्टमी पर होली खेलने की परंपरा के चलते सुबह से देर रात तक खरीदारों का आना जारी है। इस बार भी टैंक वाली पिचकारियां बच्चों को आकर्षित कर रही है।
दशा माता की कहानियां सुनी
जूनावास महिला मंडल शनिवार को मां शीतला माता को जल से ठंडा किया। मंडल की स्नेहलता पटवारी व उमा काबरा ने बताया कि यह परंपरा 12 साल से हो रही है। जूनावास पटवारी मंदिर से शीतला माता तक ढोल के साथ होली व गणगौर के गीत गाते हुए पहुंची। यहां महिलाओं ने दशामाता की कथा सुनी। आशा, सुमित्रा, गीता, नीलम, मोनिका, मंजुला, सरला काबरा, संगीता पटवारी, अनिता पटवारी आदि मौजूद थीं।