- Hindi News
- National
- Bhilwara News Rajasthan News Bus To Bhilwara Depot Stood At Jaipur For 5 Days Roadways Damaged
भीलवाड़ा डिपो की बस 5 दिन जयपुर खड़ी रही...रोडवेज को हुआ नुकसान
रोडवेज वित्तीय समस्या से जूझ रहा है। इसको घाटे से उबारने के लिए हरसंभव कोशिश मुख्यालय से की जाती है लेकिन डिपो स्तर पर गंभीरता नहीं बरती जा रही है। इसका उदाहरण भीलवाड़ा डिपो में सामने आया है। प्रबंधक संचालन (एमओ) नेमाराम पूनिया हैं।
दरअसल भीलवाड़ा से जयपुर के लिए रोडवेज की बस चलती है। आम दिनों में 20 हजार और होली के सीजन में 30 हजार रुपए प्रति फेरा राजस्व अर्जित होता है। इसका चालक श्रवण गुर्जर 9 मार्च को बस जयपुर लेकर गया। लेकिन वहां तबीयत खराब हो जाने से एसएमएस अस्पताल में उसे भर्ती कराना पड़ा। इसकी सूचना प्रबंधक संचालक नेमाराम पूनिया को दी गई। 9 से 13 मार्च तक भीलवाड़ा डिपो की बस जयपुर पड़ी रही। लेकिन किसी अन्य चालक को भेजकर बस को मंगाने की व्यवस्था ही नहीं की। मुख्य प्रबंधक राकेश सारस्वत ने जब प्रबंधक संचालन पूनिया को कहा तब जाकर अन्य चालक की व्यवस्था की गई और डिपो की बस शनिवार को भीलवाड़ा आ सकी। इसके चलते रोडवेज को पांच दिन में डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हो गया। मुख्य प्रबंधक सारस्वत ने बताया कि राजस्व हानि के लिए चालक और एमओ जिम्मेदार हैं। एमओ को चाहिए था कि अन्य चालक को भेजकर बस भीलवाड़ा मंगानी चाहिए थी। अब जांच करवाएंगे।