पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bhilwara News Rajasthan News Did Not Provide Food To Children Kept Reducing Wheat Rice In Record

बच्चों को भोजन कराया नहीं, रिकॉर्ड में कम करते रहे गेहूं-चावल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पोषाहार के निरीक्षण में नहीं दिखा रिकॉर्ड

एमडीएम के निरीक्षण में चौंकाने वाली बात सामने आई है। जिले के जहाजपुर ब्लॉक के एक विद्यालय में बच्चों को पोषाहार वितरित किया ही नहीं एवं रिकॉर्ड में गेहूं व चावल कम करते रहे। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक ने संस्था प्रधान को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। डीईओ ने बताया कि प्रदेशभर में 27 व 28 फरवरी को एमडीएम का निरीक्षण किया गया। जहाजपुर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांकरा में जिला उद्योग अधिकारी ने एमडीएम का निरीक्षण किया। विद्यालय में खाद्यान्न भंडार में गेहूं रिकॉर्ड के अनुसार 6.6 किलो थे। जबकि निरीक्षण के समय गेहूं 450 किलोग्राम था। चावल रिकॉर्ड में 25.05 किलो था। लेकिन निरीक्षण के दौरान चावल 271.95 किलो मिला। नोटिस में डीईओ ने इसे राष्ट्रीय पोषाहार कार्यक्रम में संस्था प्रधान की लापरवाही माना। नोटिस में बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि संस्था प्रधान ने बच्चों को भोजन उपलब्ध नहीं कराया। केवल विद्यालय रिकॉर्ड में ही उपस्थिति के आधार पर गेहूं व चावल का शेष निकालते रहे। स्टॉक में भौतिक रूप से अधिक खाद्यान्न पाए जाने के बारे में स्पष्टीकरण तीन दिन में देने के निर्देश दिए। डीईओ ने एमडीएम में लापरवाही बरतने वाले 13 संस्था प्रधानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बांकरा स्कूल के प्रिंसिपल साेजीराम का कहना है कि 17 जनवरी काे राशन डीलर के यहां से 500 किलाे गेहूं उधार लाए थे। स्टाॅक में इंद्राज किया लेकिन लाैटाए नहीं थे।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निंबाहेड़ा जाटान में राज्य कर के सहायक आयुक्त ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्था प्रधान ने केश बुक, बैंक पास बुक, दूध पोषाहार वितरण एवं स्टॉक रजिस्टर ही उपलब्ध नहीं कराया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धाकड़ खेड़ी में सामने आया कि बच्चों को साप्ताहिक फलों का वितरण नहीं किया जा रहा है। किचन में साफ-सफाई नहीं पाई गई। कासौरिया स्कूल में भी एक माह से फल वितरित नहीं करने की बात सामने आई।

बच्चे मिले न बनाया पोषाहार

पशुपालन विभाग के उपनिदेशक ने बिजौलिया ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जालम की झोंपड़ी विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में बच्चे भी नहीं थे। पोषाहार भी नहीं बनाया गया। राउप्रावि सोडार में गेंहूं व चावल का स्टॉक खुले में पाया। रसोई में साफ-सफाई नहीं थी। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बागड़ का खेड़ा शाहपुरा में लेक्टोमीटर से जांचे बिना ही बच्चों को दूध पिलाना सामने आया।
खबरें और भी हैं...