- Hindi News
- National
- Deoli Ucha News Rajasthan News Homes In Gurugram And Noida Become Cheaper In Last Five Years Hyderabad Prices Up By 40
पिछले पांच साल में गुरुग्राम और नोएडा में सस्ते हुए घर, हैदराबाद में 40% बढ़ी कीमत
बीते पांच साल के दाैरान गुरुग्राम में 7 प्रतिशत और नोएडा में आवासीय प्रॉपर्टी की कीमतों में 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि दक्षिण भारत के शहरों की स्थिति बेहतर है। हैदराबाद में वर्ष 2015 से लेकर अब तक अपार्टमेंट की कीमतों में 40 प्रतिशत का उछाल आया है। यह आकलन रियलटी पोर्टल प्राॅपटाइगर ने किया है।
प्रॉपटाइगर की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा व गुरुग्राम में आवासीय प्रोजेक्ट्स में देरी और बड़े डेवलपर्स के दिवालिया होने से लोगों का भरोसा प्रॉपर्टी में घटा है। दक्षिण भारतीय शहरों में ज्यादा मांग की वजह से रियल एस्टेट सेक्टर ठीक स्थिति में है। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में औसत आवास कीमतें मार्च 2015 में प्रचलित दरों से 7 प्रतिशत घटकर 5,236 रुपए प्रति वर्ग फुट रह गईं। इसी तरह, उत्तर प्रदेश के नोएडा में 3,922 रुपए प्रति वर्ग फुट तक कीमत रह गईं। प्रॉपटाइगर ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भारत के अधिकांश प्रमुख आवासीय बाजारों में संपत्ति के मूल्यों में गिरावट देखी गई है। लंबे समय तक मांग में गिरावट के बाद भी प्रॉपर्टी अब भी लोगों में आकर्षण हैं।
20 साल में 46 लाख करोड़ का होगा रियल एस्टेट सेक्टर
बिल्डिंग मटेरियल्स एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन काउंसिल (बीएमटीपीसी) के मुताबिक वर्ष 2040 तक देश का रियल एस्टेट क्षेत्र के बढ़कर 46.2 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। यही नहीं इसका जीडीपी में योगदान 14 फीसदी पर पहुंचने का अनुमान है। प्रोजेक्ट्स में देरी और दिवालिया प्रक्रिया ने जरूर प्रभावित किया है लेकिन अब सरकार की कोशिशों से सुधार नजर आने लगा है। अफोर्डेबल हाउसिंग की डिमांड बढ़ रही है।
-सतीश मागर, अध्यक्ष, क्रेडाई
तेलगांना राज्य के निर्माण की वजह से हैदराबाद में सबसे ज्यादा बढ़ी कीमतें
हाउसिंग डॉट कॉम और प्रॉपटाइगर के ग्रुप सीईओ ध्रुव अग्रवाल ने कहा कि भारत के रियल एस्टेट बाजार में चल रही मांग में कमी आई है। इसकी वजह से अधिकांश शहरों में आवासीय संपत्ति के दाम में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद अपवाद के रूप में सामने आया है तो इसकी वजह यह है कि वर्ष 2015 में यहां प्रॉपर्टी के रेट काफी कम थे। यही नहीं, राज्य का विभाजन कर नए राज्य तेलंगाना का निर्माण भी इसकी वजह है। प्रॉपर्टी विशेषज्ञ मनोज सिंह मीक ने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और रेरा की वजह से प्रॉपर्टी मार्केट सुधार के दौर में था। इसलिए बीते पांच सालों में कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हुअा।
बेंगलुरू में औसत कीमत 11% बढ़कर 5194 रुपए/वर्गफुट
हालांकि, हैदराबाद में अपार्टमेंट का औसत मूल्य 40 प्रतिशत बढ़कर 5,318 रुपए प्रति वर्ग फुट हो गया। मुंबई में औसत मूल्य 15 प्रतिशत बढ़कर 9,446 रुपए प्रति वर्ग फुट पर अा गया है। जबकि, बेंगलुरु में औसत अपार्टमेंट मूल्य 11 प्रतिशत बढ़कर 5,194 रुपए प्रति वर्ग फुट तक है। अहमदाबाद, चेन्नई, कोलकाता और पुणे में आवास की कीमतों में केवल 2-4 प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई।
सुस्ती का दौर: अहमदाबाद, चेन्नई और पुणे में 2 से 4 फीसदी ही बढ़ी कीमत
कई प्रोजेक्ट में देरी और बड़े ग्रुपों पर दिवालिया कार्रवाई बनीं नोयडा, गुरुग्राम में कीमताें में गिरावट की वजह