- Hindi News
- National
- Bhilwara News Rajasthan News Our Far Reaching Decisions Helped Entrepreneurs In The Recession Cm
मंदी के दौर में हमारे दूरगामी फैसलों से उद्यमियों को मिला संबल : सीएम
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि ऐसे समय में जबकि देश भर में आर्थिक सुस्ती का माहौल है। हमारी सरकार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे उद्यमियों को संबल एवं युवाओं को रोजगार मिले। प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए हमने दूरगामी सोच के साथ नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, एमएसएमई एक्ट, नई निवेश प्रोत्साहन नीति, औद्योगिक विकास नीति तथा सोलर, विंड एवं हाईब्रिड पाॅलिसी लाने जैसे फैसले लिए हैं।
गहलोत शनिवार को राजसमंद जिले के देवगढ़ में विकास सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि रीको औद्योगिक क्षेत्र, बग्गड़ का शिलान्यास किया तथा बोरवा एवं चारनिया में 33 केवी जीएसएस, पीपलीनगर एवं बग्गड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, राजकीय बालिका छात्रावास, भीम एवं अम्बेडकर भवन, देवगढ़ का लोकार्पण भी किया। खनिज संपदा की दृष्टि से सम्पन्न इस क्षेत्र में उद्योगों की अपार संभावनाएं है। ऐसे में रीको औद्योगिक क्षेत्र के स्थापित होने के बाद यहां उद्योग-धंधे लगेंगे और युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। गहलोत कहा कि भीम-देवगढ़ क्षेत्र में चम्बल का पानी पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता रहेगी। भीलवाड़ा जिले की चम्बल पेयजल परियोजना से भीम क्षेत्र को पानी पहुंचाने की डीपीआर तैयार करने का काम हाथ में लिया गया है। हमारा यह भी प्रयास रहेगा कि प्रदेश के अन्य जिलों की तरह राजसमन्द में भी सरकारी मेडिकल काॅलेज खुले। वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, एकल नारी सहित समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए सामाजिक सहायता पेंशन योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जांच योजना, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना, निरोगी राजस्थान आदि योजनाओं एवं कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सरकार चहुंमुखी विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला, चिकित्सा मंत्री डाॅ रघु शर्मा, सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी ने भी अपने विचार रखे।