भीलवाड़ा | राज्य सरकार की ओर से विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक वसूलने वाले 37 ई मित्र संचालकों पर कार्रवाई की गई है। उपनिदेशक पवन नानकानी ने बताया कि विभाग के अधिकारियों ने रसधारा एप से मौके से ही ऑनलाइन निरीक्षण रिपोर्ट अपलोड की। इसमें 37 ई कियोस्क पर दरों का बैनर प्रदर्शित नहीं था।
उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से ज्यादा पैसा वसूलने और सर्विस उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ताओं को लौटाने की शिकायतें मिली। नानकानी ने बताया कि ई मित्र कियोस्क को अपने कियोस्क पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य है। रेट लिस्ट न लगाने पर एक हजार रुपए तक की पेनल्टी ई मित्र कियोस्क पर लगाई जा सकती है। विभाग को सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि जिले और उपखंड के कई ई मित्र नियमानुसार कार्य नहीं कर रहे हैं। ऐसे कियोस्कों को चिन्हित कर निरीक्षण किया जाएगा।
अब जिले में बैठेंगे संयुक्त निदेशक... सूचना, प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के जिला कार्यालय में अब संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी बैठेंगे। अब तक जिला मुख्यालय पर उपनिदेशक का पद स्वीकृत था। जिसे पदोन्नत करते हुए प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी का पद सृजित कर दिया।