- Hindi News
- National
- Banera News Rajasthan News Villagers Protest Against Giving Noc For Mining
खनन के लिए एनओसी देने का विरोध, ग्रामीणों का प्रदर्शन
चमनपुरा की चरागाह में खनन के लिए जमीन के बदले कोटड़ी तहसील के दांतड़ा में चरागाह भूमि देने के संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा जारी की गई एनओसी के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने पंचायत पर तालाबंदी कर दी। सरपंच व सचिव का घेराव किया।
ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर सरपंच व सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर के थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उप सरपंच व वार्डपंचों ने उपखंड अधिकारी व थाना प्रभारी नेमीचंद चौधरी को दिए ज्ञापन में बताया कि 20 फरवरी को सरपंच माया गुर्जर की अध्यक्षता में कोरम की बैठक हुई। जिसमें सभी वार्डपंचों से उनके वार्डों में कराए जाने वाले कार्यों के प्रस्ताव लेने के बाद कोरम रजिस्टर में हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद बिना उनकी जानकारी के एक प्लांट को चरागाह भूमि के बदले दांतड़ा भू अभि छापड़ेल तहसील कोटड़ी में चरागाह भूमि देने के संबंध में एनओसी जारी कर दी। सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी ने पद का दुरुपयोग करते हुए धोखे से उनके हस्ताक्षर करवा कर खनन कार्य के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इस पर बुधवार को चमनपुरा, रणिकपुरिया, छतरीखेड़ा, देवपुरा आदि गांवों के लोग पंचायत मुख्यालय पहुंच गए। पंचायत का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने थाने पर पहुंच कर थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया। सरपंच व सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल चरण सिसोदिया, पूर्व प्रधान ऊंकार सिंह राणावत, रामेश्वर नाथ योगी, वार्डपंच जगदीश, जुबेदा, शिवनारायण, नारू, रमेश, रेखा आदि मौजूद थे।
महुआ खुर्द के ग्रामीणाें अाैर भाजपा नेताअाें ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
भीलवाड़ा। महुआ खुर्द की जमीन जिंदल साॅ लिमिटेड काे देने के खिलाफ ग्रामीण लामबंद हो गए। इसको लेकर जारी एनओसी और अन्य जगह दी गई चरागाह जमीन के आबंट की प्रक्रिया को निरस्त करने के खिलाफ ग्रामीणाें ने बुधवार काे कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कलेक्टर को ज्ञापन देकर खनन कंपनी काे जमीन देने के लिए जारी एनओसी और अन्य चरागाह जमीन के आबंटन को निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन में अाराेप लगाया गया कि महुआ खुर्द पंचायत की बैठक में एेसा काेई प्रस्ताव नहीं लिया गया था। सरपंच और सचिव ने बाद में राजनीतिक दबाव और मिलीभगत करके प्रस्ताव जोड़ लिया। पंचायत की ओर से गलत तरीके से एनओसी जारी की गई। चरागाह की जमीन 70 किलोमीटर दूर कोटड़ी के छापरेल में दी जा रही है। वहां पशुओं को ले जाना संभव नहीं है। इस दाैरान भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, पूर्व प्रधान गोपाललाल जाट, सूर्यप्रकाश शर्मा, मोहनलाल जाट, गोवर्धनलाल बलाई, नेतराम शर्मा, राजेश जाट, राहुल सोनी, राजेश उपाध्याय आदि उपस्थित थे।