- Hindi News
- National
- Bhiwadi News Rajasthan News Instructions To Sick Company Employees To Work From Home
बीमार कंपनी कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए भिवाड़ी की बड़ी कंपनियों ने बायो मैट्रिक पंचिंग सिस्टम बंद कर कार्ड से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था लागू कर दी है। कुछ कंपनियों ने बीमार कर्मियों को घर से ही काम कर सकने की भी छूट दे दी है। नोएडा में एक कंपनी कर्मचारी में कोरोना का संक्रमण पाए जाने के बाद भिवाड़ी में सतर्कता बढ़ाई गई है। होंडा, कॉन्टिनेंटल, श्रीराम िपस्टंस, कजारिया, केईआई आदि कंपनियों में रोजाना कई हजार कर्मचारी काम करते हैं। एेसे में यहां गेट पर सैनेटाइजर और हीट सेंसर आदि से जांच की व्यवस्था भी की है। अकेले होंडा के दो प्लांट्स में रोजाना 9 हजार कर्मचारी आते-जाते हैं।
यहां हर विजिटर की स्क्रीनिंग की जा रही है। पथरेड़ी स्थित श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स लिमिटेड के उपमहाप्रबंधक दिलीप तिवारी ने बताया कि उनके यहां रोजाना करीब 3100 कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज होती है। सभी को हाजरी कार्ड दिए हैं और टेम्प्रेचर जांच कर रहे हैं। बुखार, खांसी, जुकाम के लक्षण पर इलाज के लिए भेज रहे हैं। केईआई कंपनी के जनरल मैनेजर राजेन्द्र सिंह ने बताया कि 3 प्लांटों में करीब 1400 कर्मचारियों की उपस्थिति मेन्युअली दर्ज हो रही है।
कई कंपनियों में बायो मैट्रिक हाजरी 31 मार्च तक बंद की गई
भिवाड़ी की कॉटीनेंटल इंजिन्स कंपनी के उपमहाप्रबंधक सुनील जैन ने बताया कि वेलफेयर कमेटी की अनुशंसा पर बायो मैट्रिक हाजरी 31 मार्च तक बंद कर दी है। कंपनी परिचय पत्र से उपस्थिति की जा रही है। केबिन मीटिंग रद्द कर दी गई हैं। खांसी, जुकाम या बुखार से पीडि़त कर्मचारियों को घर से ही काम करने के निर्देश दिए हैं। कंपनी में कॉमन इंटरकॉम के प्रयोग पर भी रोक लगा दी है। कजारिया टाइल्स गैलपुर के एचआर हैड डीपी सिंह ने बताया कि कंपनी में करीब 1700 कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमीट्रिक से ही कर रहे हैं, लेकिन पंचिंग करने के बाद हरके कर्मचारी को सेनेटाइज किया जा रहा है। टॉयलेट को हर डेढ़ घंटे में साफ कर रहे हैं। कैंटीन में विशेष एहतियात बरत रहे हैं।
नोएडा की कंपनी में सामने आए मामले ने बढ़ा दी चिंता
गौरतलब है कि शुक्रवार को नोएडा की एक कंपनी कर्मचारी में कोरोना पॉजिटिव के लक्षणों की पुष्टि के बाद उक्त कंपनी के 700 कर्मचारियों को निगरानी में रखा गया है। ऐसे में भिवाड़ी जैसे औद्योगिक इलाके में भी बाहर से आने वाले विजिटर के प्रवेश देने में काफी एहतियात बरती जा रही है। कंपनियों में बेहद आवश्यक होने पर ही बाहर के लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है।
कॉटिनेंटल कंपनी में कर्मचारियों की मेन्यूअल उपस्थिति दर्ज करते हुए।