- Hindi News
- National
- Tijara News Rajasthan News Married Death 4 Days Before The Wedding Anniversary Case Registered
शादी की सालगिरह से 4 दिन पहले विवाहिता की मौत, मामला दर्ज
क्षेत्र के बामनठेडी गांव में रविवार सुबह 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मामा ने शेखपुर थाने में दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कराया है। एएसआई विजय सिंह ने बताया कि बामनठेडी गांव में एक महिला के फांसी लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां शिवानी प|ी गजेसिंह यादव का शव घर में एक चारपाई पर पड़ा था। पूछताछ करने पर ससुराल वालों ने बताया कि विवाहिता ने फांसी लगा ली थी। परिवार के लोग घर से बाहर थे। सूचना मिलने पर घर पहुंचे और शिवानी को तिजारा अस्पताल ले गए।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल वाले शव घर ले आए और उसके पीहर पक्ष को सूचना दी। डीएसपी कुशाल सिंह व मृतका के परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतका के गले में निशान बने हुए हैं। मृतका के मामा जसवंत निवासी नसोपुर ने दहेज के लिए हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। इसमें कहा कि शिवानी पुत्री रामदास मूल निवासी रामनगर तहसील पटौदी हरियाणा की रहने वाली थी। बचपन से ही वह मामा के गांव नसोपुर में रही। उन्हीं ने पालन पोषण किया। दो साल पहले 12 मार्च शिवानी की शादी गजेसिंह सिंह पुत्र सुरेश निवासी बामनठेड़ी (तिजारा) से कराई थी। उसने एक बेटी को भी जन्म दिया। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के पति गजेसिंह, सुसर सुरेश व सास किरण देवी कम दहेज लाने का ताना देकर मारते-पीटते थे। दहेज में 5 लाख रुपए और बढ़िया कंपनी की कार मांगते थे। घटना से दो दिन पहले शिवानी ने पीहर में फोन कर अपने साथ मारपीट की जानकारी दी थी। उसने यहां तक कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो मेरा जीना भारी कर देंगे। इसके बाद उसकी मौत की सूचना आई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पति गजेसिंह, ससुर सुरेश, सास किरण आदि ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है। डीएसपी कुशाल सिंह ने बताया कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने और पीहर पक्ष ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर मारपीट कर हत्या का मामला दर्ज कराया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।