- Hindi News
- National
- Bhiwadi News Rajasthan News Removed 140 Lakhs From The Account And Said I Am Leaving 22 Thousand You Report It Nothing Will Spoil Me
खाते से ~1.40 लाख निकाल ठग बोला-~22 हजार छोड़ रहा हूं, तू रिपोर्ट करा, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा
ऑनलाइन के जरिए अलवर में आए दिन लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। ठग लोगों को जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। महंगा सामान सस्ती दर पर देने, नौकरी का झांसा, एटीएम कार्ड व पेटीएम को अपडेट कराने सहित एटीएम कार्ड बदलकर या मशीन को हैक कर लोगों की मेहनत की कमाई चंद मिनट में पार कर रहे हैं। वे फोन कॉल कर लुभावनी बातों में लेकर लोगाें से ओटीपी पूछ लेते हैं और फिर खाते में पैसे निकाल लेते हैं। बैंक अधिकारियाें का कहना है कि साइबर ठगों से बचने के लिए जागरूक होना जरूरी है। एप, वेबसाइट के इस्तेमाल, ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतेंगे तो अापका पैसा सुरक्षित रहेगा। बहरोड़ के गादोज गांव निवासी अजय यादव ने 18 दिसंबर को एक कंपनी की साइट पर टी शर्ट बुक कराई और 598 रुपए ऑनलाइन पेमेंट कर दिया। अजय के पास 14 दिन में डिलीवरी का मैसेज और 1 फरवरी को कॉल आया कि ऑर्डर कैंसिल हो गया है। एक मैसेज भेजा है, इसमें ऑर्डर नंबर और मोबाइल नंबर भेज दें, जिससे आपका पैसा हम वापस कर दें। अजय ने उस पर अपना नाम, ऑर्डर नंबर और मोबाइल नंबर भर दिए। इसके बाद यश बैंक से मैसेज आया कि आपके खाते से 39 हजार 999 रुपए कट गए। अजय का कहना कि उसका यश बैंक में अकाउंट ही नहीं है। उसका अकाउंट तो बैंक ऑफ इंडिया में हैं।
इसके बाद ठग ने मोबाइल भी हैंग कर दिया। ना कॉल आ रही थी और ना जा रही थी। कस्टमर केयर और बैंक अाॅफ इंडिया में कॉल किया लेकिन बैंक की हड़ताल होने के कारण कॉल रिसीव नहीं हुआ। अगले दिन 2 फरवरी को 3 बजकर 13 मिनट पर फिर अकाउंट से 1 लाख रुपए निकल गए। इसके बाद फिर कॉल आया कि मैं बैंक ऑफ इंडिया से बोल रहा हूं। उसने कहा कि 1 लाख रुपए और काट दिया। अब 22 हजार बचे हैं, जो छोड़ रहा हूं। तुझे जो करना है, कर सकता है। पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दे। मेरा नंबर 24 घंटे चालू रहेगा। वह नंबर आज भी चालू है। अजय बैंक मैनेजर से भी मिला लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। दरअसल, टेक्नोलॉजी से लोगों की सुविधा ताे बढ़ी है लेकिन जरा सी असावधानी बैंक खाता खाली कर सकती है।
ये भी हुए ठगी के शिकार
{अलवर शहर के साेनावा डूंगरी निवासी युवक तनुज सैनी के पास 30 जनवरी को नोएडा की रहने वाली युवती माही शर्मा ने फाेन कर नौैकरी के लिए ऑनलाइन फार्म भरने का झांसा देकर उसके खाते से 20 हजार 441 रुपए पाए कर लिए। तनुज ने 2 फरवरी काे अरावली विहार थाने में रिपाेर्ट दर्ज कराई।
{तिजारा थाने में 19 जनवरी काे कस्बा निवासी हरिनारायण शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने मैसेज भेजा कि आपके पेटीएम की केवाईसी समाप्त हो गई है, 24 घंटे में खाता बंद हो जाएगा। उसने गूगल प्ले से क्युएस एप डाउनलोड किया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने उससे अाेटीपी मांगा। अाेटीपी बताते ही हरिनारायण के खाते से 44 हजार रुपए पार हो गए।
{अलवर के हसन खां मेवात नगर निवासी मनाेज यादव ने शिवाजी पार्क थाने में 4 जनवरी काे रिपाेर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फेसबुक आईडी हैक कर ली और उसके नाम से उसके दोस्तों को फेसबुक मैसेंजर के जरिए मैसेज भेजे कि बहुत जरूरी काम है। वह बीमार है और हॉस्पिटल में भर्ती है। पैसे की आवश्यकता है। इसके बाद दोस्त चंद्रभान ने उक्त व्यक्ति को 7 हजार रुपए भेज दिए।
{शिवाजी पार्क थाने में गांव चिरखाना निवासी हारून खां ने 28 जनवरी काे रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने जेल सर्किल पर क्राॅस प्वाइंट मॉल के पास एटीएम से 19 जनवरी काे 2500 रुपए निकाले। इस दाैरान एटीएम कक्ष में 3 युवक मौजूद थे। इनमें से एक युवक ने पैसे निकालते समय एटीएम का बटन दबा दिया। इसके बाद उसके खाते दाे बार में 90 हजार 292 रुपए पार हो गए।
{अलावड़ा निवासी शिक्षक दंपती चंद्रकला व उसके पति नंदराम के खाते से जनवरी में अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर 6 बार में 70 हजार रुपए पार कर लिए। इस संबंध में रामगढ़ थाने में रिपाेर्ट दर्ज कराई गई।
{भिवाड़ी निवासी सुरेश शर्मा ने 4 जनवरी काे फूलबाग थाने में रिपाेर्ट दर्ज कराई कि उसने ऑनलाइन साड़ी मंगवाई। साड़ी का कलर दूसरा आया तो उसने रिफंड के लिए कॉल किया। इसके बाद उसके मोबाइल पर वेरिफिकेशन के लिए टेक्स्ट मैसेज आया। जैसे ही रिप्लाई दिया तो उसके खाते से 1.30 लाख रुपए पार हो गए।
{भिवाड़ी निवासी तेजपाल तंवर ने 24 जनवरी काे भिवाड़ी थाने में रिपाेर्ट दर्ज कराई कि एक्सिस बैंक का रिंकू दायमा नाम का कर्मचारी उसकी दुकान पर आया। दुकान पर आकर एटीएम कार्ड स्वैप किया और अन्य सुविधाएं देने का हवाला देते हुए चालू खाता खोल दिया। इसके बाद उसके खाते से 2.20 लाख रुपए पार हो गए। तेजपाल ने बैंक कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया।
निजी जानकारी नहीं पूछता बैंक
फोन पर कोई अधिकारी होने का दावा कर रहा हो उसके कहने पर किसी भी नंबर पर मैसेज न करें। बैंक कभी भी आपके एटीएम पिन, जन्म तिथि जैसी गोपनीय और निजी जानकारी फोन या ईमेल के जरिए नहीं पूछता है। इस सम्बन्ध में लगातार बैंक एसएमएस अलर्ट भेजता है। अगर आपको बैंक से ऐसा कोई फोन या ईमेल मिले तो कभी लॉग-इन जानकारी के बारे में नहीं बताएं।
-प्रदीप कुमार सचदेवा, मैनेजर, पीएनबी बसंत विहार
अलवर. अाॅन लाइन ठगी में पकडा गया नाइजेरियन गैंग। (फाइल फाेटाे)
अलवर में अाॅनलाइन ठगी के केस बढ़े, इनसे बचना है तो सतर्क रहें