- Hindi News
- National
- Bhiwadi News Rajasthan News Vehicles Will Not Run On 16 Km Route 1200 Policemen Will Protect 20 Lakh Devotees
16 किमी मार्ग पर नहीं चलेंगे वाहन, 20 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा 1200 पुलिसकर्मी करेंगे
बाबा मोहनराम का लक्खी मेला सोमवार से शुरु होगा। मेले के लिए पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 16 किलोमीटर सड़क को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस रुट से केवल एंबुलेंस की गुजर सकेगी। यहां से होते ही श्रद्धालु पैदल ही मंदिर तक दर्शन के लिए निकलेंगे। इसके लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए पांच से छह घंटे का इंतजार करना होगा। सोमवार दोपहर बाद से मेला शुरु होगा। मुख्य मेला धुलंडी एवं दौज को होगा। प्रशासन की मानें तो मेले में दर्शन के लिए करीब 20 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसके लिए 1200 पुलिस, प्रशासन एवं स्वयंसेवक मेले की व्यवस्था संभालेंगे। मेले के लिए दो मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। इनमें काली खोली धाम पर मेला मजिस्ट्रेट तहसीलदार अरविंद कविया को बनाया है। वह नायब तहसीलदार अजीत के साथ यहां 12-12 घंटे की ड्यूटी पर रहेंगे। ऐसे ही मिलकपुर मंदिर पर मेला मजिस्ट्रेट सब रजिस्ट्रार मुकुट चौधरी को बनाया है। वह नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल चौधरी के साथ 12-12 घंटे की ड्यूटी देंगे। मेले में दोनों ही मंदिरों पर कंट्रोल रुम, मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। इसके अतिरिक्त ट्रस्ट की ओर से भी दोनों ही जगह एक-एक एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। दो ड्रोन कैमरों से भी मेले की निगरानी की जाएगी।
यहां खड़ा करें अपने वाहन
मुख्य मंदिर काली खोली धाम तक श्रद्धालुओं को पहुंचने से पहले कंटेनर डिपो, बाबा मोहनराम मंदिर, खिदरपुर एवं खिजूरीवास-मटीला के समीप बेरिकेड्स लगाए जाएंगे। यहां से श्रद्धालुओं को पैदल ही बाबा के दर्शन के लिए जाना पडेगा। यहां प्रशासन की ओर से पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। कंटेनर डिपो के पास मेला ग्राउंड, आरटीओ कार्यालय आदि जगह भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
42 सीसीटीवी से सुरक्षा : मेले में सुरक्षा के लिए 42 सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई है। इसमें काली खोली मंदिर एवं मिलकपुर मंदिर पर 36 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्ति ट्रस्ट ने छह अन्य स्थान मंशा चौक, अग्रवाल धर्मशाला के पास, कंटेनर डिपो, कॉलेज तिराहा एवं खिजूरीबास के समीप भी सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। मेले में भिवाड़ी के अतिरिक्त अलवर एवं दौसा जिले के 850 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 150 वालंटियर ट्रस्ट की ओर से लगेंगे। एक अारएसी की टुकड़ी एवं प्रशासन के भी कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इस तरह करीब 1200 लोग मेले की व्यवस्था में लगेंगे।
पहाड़ी पर बना बाबा मोहनराम का मंदिर।