जोधपुर में वेटरनरी कॉलेज के लिए 80 बीघा भूमि आबंटित
बीकानेर | राज्य सरकार ने जोधपुर में वेटरनरी विश्वविद्यालय के चौथे नए संघटक पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के लिए निशुल्क 80 बीघा भूमि आबंटित की है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने 2019-20 की बजट घोषणा में जोधपुर में नया वेटरनरी कॉलेज खोलने की मंजूरी प्रदान की थी। जोधपुर नगर निगम ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार जोधपुर में नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम नेतड़ा में 80 बीघा भूमि का निशुल्क आबंटन किया है। जोधपुर विकास प्राधिकरण ने भूमि आबंटन पत्र भी जारी कर दिया है। कुलपति प्रो. शर्मा ने बताया इस नए वेटरनरी महाविद्यालय के लिए राज्य सरकार ने 41 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों की स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में वेटरनरी विश्वविद्यालय के तीन संघटक महाविद्यालय, बीकानेर, जयपुर और नवानियां (उदयपुर) में स्थित हैं।