Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खेती की नई तकनीक अपनाएं किसान: अर्जुनराम
स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय द्वारा गुरुवार को स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित किया गया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- कृषि तकनीकी अनुप्रयोग संस्थान (अटारी) द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत आयोजित मेले के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि किसान, खेती की नवीनतम तकनीक अपनाएं। उन्होंने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को दोहराया तथा कहा कि इसके लिए सरकार ने अनेक कल्याणकारी कदम उठाएं हैं। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा इस वर्ष के अंतरिम बजट में किसानों के लिए किए गए प्रावधानों के बारे में बताया। लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा ने कहा कि शिक्षित-विकसित लूणकरणसर की अवधारणा तभी सार्थक होगी, जब यहां के किसान समृद्ध और सशक्त होंगे। उन्होंने किसानों से कृषि विज्ञान केंद्र का लाभ उठाने का आह्वान किया।
अटारी निदेशक डॉ. सिंह ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र, मिनी विश्वविद्यालय हैं। जहां कृषि विशेषज्ञों की सेवाएं प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में 706 कृषि विज्ञान केंद्र कार्यरत हैं। शीघ्र ही 39 नए केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है। कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा ने कहा कि राज्य के चार जिलों में किसान मेले आयोजित होंगे। विशेषज्ञों से नई तकनीक सीखें, उन्हें आजमाएं व कृषि वैज्ञानिकों को अपने अनुभव बताएं।
किसान मेले को संबोधित करते केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल।
फोल्डर का विमोचन किया
इस अवसर पर अतिथियों ने कृषि विज्ञान केंद्र लूणकरणसर द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘केंद्र व राज्य सरकार की कृषक कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम’ तथा ’नैपसेक स्पेयर का खरपतवारनाशी के छिड़काव में उपयोग’ एवं फोल्डर ‘सब्जियों में नर्सरी प्रबंधन’ तथा ‘कृषि विज्ञान केंद्र:एक परिचय’ का विमोचन किया। इस दौरान जिले के पांच किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।