मामा को मारने आए भांजे व उसके तीन दोस्तों को किया गिरफ्तार
नोखा | अपने दोस्तों के साथ अपने ही मामा को मारने आए भांजे को पुलिस ने दोस्तों सहित गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ अरविंद शेखावत ने बताया कि बस स्टैंड के पीछे रहने वाले प्रभु भार्गव ने पुलिस को सूचना दी कि नागौर से उसका भांजा अनिल अपने दोस्तों के साथ उसे जान से मारने के लिए आ रहा है। इस पर ड्यूटी अधिकारी सुगनचंद व पुलिस के जवानों को मौके पर भेजा गया, तो करीब साढे दस बजे अनिल भार्गव के साथ जयसिंह, रमजान खां, आबिद आदि प्रभु भार्गव के घर आए थे। चारों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। प्रभु भार्गव ने बताया कि उनके पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस कारण उसके भांजे ने नागौर के लोगों को साथ लाकर उसे मारने की योजना बनाई थी। पुलिस को देखकर दो व्यक्ति गाड़ी लेकर भाग गए व चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर ले गई।