देशनोक में अगले सत्र में खुलेगा नया राजकीय कॉलेज, कोलायत व बज्जू में नए संकाय मंजूर
उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी द्वारा कोलायत विधानसभा के देशनोक में नवीन राजकीय महाविद्यालय खोलने की स्वीकृति जारी की गई है। वहीं कोलायत व बज्जू में संचालित राजकीय महाविद्यालय में कला के साथ विज्ञान व कॉमर्स संकाय को मंजूरी दी गई है। उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बताया कि देशनोक में युवाओं व ग्रामीणों द्वारा राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग की जा रही थी। जिस पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की स्वीकृति के साथ कॉलेज खोलने की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इसके साथ ही कोलायत व बज्जू में चल रहे राजकीय महाविद्यालयों में कला के साथ साथ विज्ञान तथा कॉमर्स संकाय भी शुरू कर दिया गया है। इस घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जिसके बाद पूर्व जिला प्रमुख पूर्णाराम चौहान, कोलायत सरपंच देवी सिंह रावलोत, कोलायत ब्लॉक अध्यक्ष रूपाराम मेघवाल, भागीरथ सिंह फौजी, जगदीश शर्मा, छैलूदान, चिराग राठौड़, संजय गोयल, गजानंद स्वामी आदि ने प्रसन्नता जताई है।
गौड़ू-झझू मार्ग के लिए रु 20 करोड़ स्वीकृत
शुक्रवार को ही राज्य सरकार ने गौड़ू-झझू मार्ग के लिए 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से गौड़ व झझू के बीच सड़क नवीनीकरण व मरम्मत का कार्य किया जाएगा।