नए साल में प्रवेश करते ही क्षेत्रवासियों को नगर पालिका की ओर से नई सड़कों की साैगात दी जाएगी। सात करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से कस्बे में 48 किमी की नई सड़कें बनाई जाएगी। यह जानकारी पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने दी। वे मंगलवार को प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पालिका अपनी निजी आय से यह विकास कार्य करवाएगी। इसके लिए ई निविदा भी मंगलवार को जारी होने की जानकारी उन्होंने दी। जनवरी में ही निविदा खोलकर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर देने की प्रतिबद्धता झंवर ने दोहराई। उन्होंने बताया कि कस्बे की कोई भी गली अब सड़क से वंचित नहीं रहेगी। इसके लिए ईओ राजूराम जाट के निर्देश पर जेईएन सरफराज व निर्माण शाखा प्रभारी अशोक शर्मा ने सर्वे कर लिया है।
इसके साथ ही झंवर ने बताया कि पुलिस थाने में सात लाख 43 हजार रुपए की लागत से स्वागत कक्ष का निर्माण भी पालिका मद से करवाया जाएगा।