बीकानेर-लालगढ़ सहित 21 स्टेशनाें का निरीक्षण करेगी पीएसी टीम
रेल मंत्रालय ने 15 से 24 मार्च तक का जारी किया कार्यक्रम
बीकानेर-लालगढ़ रेलवे स्टेशन सहित जयपुर-बीकानेर मंडल के 21 रेलवे स्टेशनों का रेल मंत्रालय की यात्री सुविधा समिति (पीएसी) 15 मार्च से निरीक्षण शुरू करेगी। 15 से 24 मार्च तक होने वाले निरीक्षण में टीम रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का मूल्यांकन करेगी। टीम में शामिल वीर कुमार यादव, लदास सोढी, प्रकाश शर्मा, हिमादरी बल और पीएसी कमेटी के चेयरमैन के निजी सचिव परशुराम महतो बीकानेर-जयपुर मंडल के डीआरएम के साथ रेलवे के जीएम (महाप्रबंधक) से मुलाकात करके यात्रियों से प्राप्त शिकायतों के समाधान बारे में चर्चा करेंगे। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार सर्वप्रथम पीएसी टीम रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से निरीक्षण की शुरूआत करेगी।
बीकानेर मंडल के सीनियर डीसीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि टीम पीएसी की टीम 15 मार्च को रेवाड़ी पहुंचेगी। 17 मार्च को रेवाड़ी से चलकर बावल, खैरथल और अलवर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण होगा। 18 मार्च को यात्री सुविधा समिति की यह टीम अलवर व 19 मार्च को जयपुर में निरीक्षण करेगी। जयपुर में पीएसी टीम की रेलवे महाप्रबंधक व अन्य रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक होगी। 20 मार्च को पीएसी टीम जयपुर से रींगस पहुंचेगी,जहांं रींगस के अलावा सीकर रेलवे परिसरों का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा। इसी प्रकार टीम 21 मार्च को लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर शेखावाटी का निरीक्षण करते हुए चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। टीम रात्रि विश्राम चूरू में ही करेगी। 22 मार्च को सुबह चूरू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रतनगढ़ व श्रीडूंगरगढ़ जाएगी। 23 मार्च को छह सदस्यीय टीम बीकानेर रेलवे स्टेशन का अधिकारियों के साथ दौरा करेगी और सुविधाओं की जांच करेगी। निरीक्षण उपरांत बीकानेर में रात्रि ठहराव के साथ ही डिवीजन के डीआरएम के साथ टीम बैठक करेगी। निरीक्षण के दौरान मंडल के रेल अधिकारी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। आमजन की यात्रा की सुगमता व ट्रेनों में यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए रेलवे बोर्ड ने यात्री सुविधा समिति के सदस्यों की टीम का गठन किया गया है,जो स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं को जांचेगी।
इन सुविधाअाें का
लेंगे जायजा
टीम ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन पर दी गई की मूलभूत सुविधाओं की जांच करेगी। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, पेयजल, शौचालय की स्थिति, शेड की व्यवस्था, एस्केटेलर, टिकट खिड़की, ट्रेनों की सफाई व्यवस्था, पंखों की व्यवस्था, दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर, ट्रेनों की समय सारिणी, खान-पान की जांच करती है। पीएसी टीम स्टेशनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करेगी। कानून व्यवस्था विशेषकर महिलाओं, वृद्धजनों और बच्चों की सुरक्षा संबंधी इंतजामात भी देखेंगी। सीसीटीवी कैमरों व सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही निगरानी अादि का मुआयना करेगी।