1971 में पाक को धूल चटाई, अब उसी तरफ तन कर खड़ा हुअा ‘विजयंत’
बीकानेर | वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान काे शिकस्त देने में अहम भूमिका निभाने वाला भारतीय सेना का टैंक विजयंत रविवार काे शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी सर्किल पर तैनात किया गया। उसकी मुंह पाक की तरफ किया गया है।
ट्राफी के ताैर पर भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने बीकानेर काे दाे टैंक मंजूर किए थे, जिसमें टी55 हाल ही में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के बाहर खड़ा किया गया है। दूसरा टैंक विजयंत रविवार काे कैप्टन चंद्र चौधरी सर्किल पर तैनात किया गया। छावनी से अाए सैनिकों के दल ने क्रेन की मदद से विजयंत काे ट्रक से नीचे उतारा। दाे-तीन घंटे की मशक्कत के बाद टैंक काे एक तरफ खड़ा करवा दिया गया। झंडे अाैर फूल मालाओं से उसे सजाया गया है। सर्किल पर वार ट्राफी के रूप में टैंक मंगवाने के लिए शहीद के पिता कन्हैयालाल सिहाग की अहम भूमिका रही है। इससे पूर्व श्रीडूंगरगढ़ के बिग्गा बास में टैंक रखवाया जा चुका है। उसके लिए सिहाग 2003 में तत्कालीन रक्षा मंत्री जार्ज फर्नांडिस से मिले थे। सिहाग ने बताया कि इन वार ट्राफियों काे देखकर युवाओं के दिलाें में देश प्रेम का जज्बा पैदा हाेगा। सेना में भर्ती हाेने की प्रेरणा मिलेगी।