- Hindi News
- National
- Bundi News Rajasthan News Distressed People Jammed For Two Hours Due To Broken Road
टूटी सड़क से परेशान लोगों ने लगाया दो घंटे तक जाम
जर्जर सड़क दुरुस्त कराने को लेकर शहरवासियों ने चारभुजा मंदिर के पास करीब दो घंटे जाम लगाकर प्रदर्शन किया। वे चारभुजा मंदिर से भैरु दरवाजे तक सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं।
यहां से रोज चार से पांच हजार लोग गुजरते हैं। प्रदर्शन के दौरान नगरपरिषद व जिला प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। बाद में कोतवाली पुलिस ने अाकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, पर वे नहीं हटे। इसके बाद नगर परिषद के जेईएन ने अाकर रात को ही काम शुरू कराने का आश्वासन दिया, तब जाम हटाया। वार्ड पार्षद पति रिंकू पठान, पार्षद मनीष सिसोदिया, हरीश कपूर के नेतृत्व में महिलाएं-क्षेत्रवासी दोपहर 12 बजे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए। उनका कहना था कि सीवरेज ठेकेदार ने सड़क खोदकर छोड़ दी है। पूरे रास्ते पर गिट्टी, धूल मिट्टी से बाइक सवार गिर रहे हैं। पर्यटक भी परेशान हैं। अस्थमा की शिकायत बढ़ रही है। कुछ रोज पहले जब सीवरेज ठेकेदार से बात की तो उसका कहना था कि होली के अगले दिन से काम शुरू करा देंगे, पर चार रोज बीत गए। बीती शाम एक पर्यटक सड़क पर गिर गया। रिंकू पठान ने बताया कि पुरानी बूंदी की यह मुख्य सड़क है, जहां पर कई मंदिर हैं, जिनमें सुबह-शाम सैकड़ों लोग पूजा करने आते हैं। इनमें ज्यादातर बुजुर्ग व महिलाएं गिट्टी-कंकड़ से चाेटग्रस्त हाेती हैं।
2 घंटे बाद अाए जेईएन: जाम की सूचना के बावजूद नगर परिषद के अधिकारी जाने से कतराते रहे। पहले छुट्टी का बहाना बनाया, बाद में जिला अधिकारियों के निर्देश पर नगर परिषद के जेईएन समीर अहमद गए। जिन्होंने सड़क का काम शुरू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन लोग आज ही काम शुरू कराने पर अड़ गए। इसके बाद जेईएन ने सीवरेज कंपनी के अधिकारियों से बात की और शनिवार रात से काम शुरू कराने के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
क्षेत्रवासियाें ने बताई धूल-मिट्टी से सांस की तकलीफ
क्षेत्रीय दुकानदार लोकेश शर्मा ने बताया कि जब से सड़क खुदी है, धूल-मिट्टी से सांस की तकलीफ बढ़ गई है। डॉक्टरों ने इन्हेलर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। कई बुजुर्गों की भी सांस की तकलीफ बढ़ गई। सत्यनारायण ने बताया कि उनकी माताजी रोज इसी सड़क से मंदिर आती हैं। उनकी सांस की तकलीफ इतनी बढ़ गई कि कोटा इलाज चल रहा है। विष्णु सोनी को भी सांस की बीमारी बढ़ गई है। जिनका भी कोटा इलाज चल रहा है। ऐसे और भी लोग हैं। उन्हाेंने पूर्व में जिला प्रशासन और नगर परिषद अधिकारियों को सीवरेज कंपनी द्वारा धीमी गति से काम चलाने की शिकायत दी थी, पर कुछ नहीं किया गया।
बूंदी. टूटी सड़क से नाराज क्षेत्रवासियों ने तिलक चौक स्थित चारभुजा मंदिर के पास जाम लगाया।