पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bundi News Rajasthan News Operation Theater Closed In Hospital Renovation Started By Not Making Alternative Arrangements Patients Are Worried

अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर बंद, वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर रिनोवेशन कराया शुरू, मरीज हाे रहे परेशान

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिला अस्पताल में चार दिन से ऑपरेशन थिएटर बंद पड़ा है। आॅपरेशन की वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ही विधायक कोष से रिनोवेशन का काम शुरू कर दिया, जिससे मरीजों को ऑपरेशन के लिए 8 से 10 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल में इमरजेंसी ऑपरेशन ही किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में रिनोवेशन के पहले पुराने अाेटी में 3 टेबल पर रोज 8-10 ऑपरेशन हो रहे थे, वहीं अब सारे ऑपरेशन सालों से बंद पड़े ट्राेमा वार्ड के ओटी में किए जा रहे हैं। इस ऑपरेशन थिएटर में एक ही टेबल है। एक-दो ऑपरेशन हो पा रहे हैं। आर्थोपेडिक-जनरल सर्जरी के लिए मरीजों काे इंतजार करना पड़ रहा है। ओटी में जगह कम होने से मरीजों के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ऑपरेशन थिएटर का काम शुरू होने से पहले मातृ एवं शिशु अस्पताल कैंपस के ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन करने को लेकर सहमति बनी थी। लेकिन, मशीनें बड़ी होने के कारण वहां ले जाने में दिक्कत हो सकती थी। ऐसे में आनन फानन में ट्रॉमा सेंटर के ऑपरेशन थिएटर के ताले खोले। ट्रोमा वार्ड की ओटी में ऑपरेशन से पहले माकूल इंतजाम करने के बाद रिनोवेशन का कार्य किया जाता तो मरीजों को परेशानी नहीं होती थी।

चार दिन से ऑपरेशन का इंतजार

{रुणीजा गांव के महावीर ने बताया कि उसके भतीजे संजय का 9 मार्च को एक्सीडेंट में पैर में फ्रैक्चर पर भर्ती कराया था। डाॅक्टराें ने बोला था कि फ्रैक्चर है, ऑपरेशन करना पड़ेगा। शुक्रवार को ऑपरेशन होना था, ऐनवक्त पर डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन अब शनिवार को होगा।

{गोर्वधनपुरा के जानकीलाल ने बताया कि बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। हड्डी टूट गई थी। डॉक्टर ने ऑपरेशन करना बोला। 9 और 10 तारीख को होली की छुट्टी होने से ऑपरेशन नहीं हो सका। बाद में शुक्रवार को ऑपरेशन कराने का आश्वासन दिया। आज भी ऑपरेशन करने से मना कर दिया।

{इटावा निवासी करणबाई ने बताया कि हाथ में फ्रैक्चर है। 5 दिनों से अस्पताल में भर्ती रहकर डॉक्टरों से जांच करवा ली। एक्सरा करवा लिया। शुक्रवार को ऑपरेशन करने के लिए बोला था, लेकिन नहीं किया। हम यहां 5 दिन से अस्पताल में परेशान हो रहे हैं। किसी को हमारी परेशानी नजर नहीं आ रही।

जिला अस्पताल में ऑपरेशन में मरीजों काे क्या परेशानी आ रही है, इस बारे में पीएमओ से बात करके इसको ठीक कराया जाएगा।
मुरलीधर प्रतिहार, कार्यवाहक कलेक्टर

मरीज की तबीयत बिगड़ी, ड्यूटी डॉक्टरों के हाथ-पांव फूले

शुक्रवार को ऑपरेशन थिएटर में एक मरीज की एनिथिसिया देने के पहले तबीयत बिगड़ गई। वह तो गनीमत रही कि डाॅक्टराें ने उसे संभाल लिया। इसके बाद वहां ऑपरेशन कर रहे ड्यूटी डॉक्टरों के भी हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने इस थिएटर में ऑपरेशन करने से हाथ खड़े कर दिए। ट्रोमा वार्ड के ओटी में पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ओटी के बीच बैरिकेड्स नहीं है। मरीज के परिजन जूते-चप्पल पहने आ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा है। यहां आने वाले मरीजों को 8- 10 दिन तक ऑपरेशन का इंतजार करना पड़ रहा है और जब ऑपरेशन की तारीख आती है तो डाॅक्टर आगे की तारीख दे देते हैं।
खबरें और भी हैं...