- Hindi News
- National
- Hindoli News Rajasthan News Police Beat Up Children And Youth Harassing People By Blocking The Way
रास्ता रोककर लोगों को परेशान कर रहे बच्चों-युवाओं को पुलिस ने पीटा
बसोली| जखोलीखुर्द गांव में रास्ता रोककर लोगों को परेशान कर रहे बच्चों व युवाओं की शकरगढ़ पुलिस ने पिटाई कर दी, जिससे ग्रामीणाें में रोष छा गया और कार्रवाई की मांग को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
गांव में धुलंडी पर मंगलवार सुबह 10 बजे बच्चे हर वर्ष की भांति सड़क पर होली खेल रहे थे। ऐसे में कुछ बच्चों व युवाओं ने सड़क पर कांटे लगाकर रास्ता रोक रखा था। इस दौरान शकरगढ़ पुलिस की गाड़ी वहां से निकली तो रास्ता रोकने से लोगों को परेशान होता देख व पुलिस गाड़ी को रोकने पर पुलिस ने बच्चों से मारपीट कर दी। जिसमें हरमाली (12), नैर गुर्जर (10), रामस्वरूप गुर्जर (18), लखनलाल (15), हरलाल गुर्जर (22) काे गहरी चोटें आई। ग्रामीणों की सूचना पर बसोली पुलिस अाई। चोटग्रस्त बच्चों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल करवाया। इस दौरान सरपंच नरेंद्रसिंह, वार्डपंच विजय चांदना, पूर्व सरपंच शैतान गुर्जर, हरलाल गुर्जर, कैलाश रैगर, रामदेव गुर्जर, दुर्गालाल अाैर ग्रामीण अा गए। बसोली थाने में शकरगढ़ पुलिस के खिलाफ केस दर्ज करवाया। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन की चेतावनी।
रास्ता रोककर लोगों को नाजायज परेशान किया जा रहा था। शकरगढ़ पुलिस की गाड़ी को रोककर परेशान किया गया। पुलिस ने डंडों से बच्चों-युवाओं को खदेड़ा था। शकरगढ़ पुलिस की तरफ से भी रिपोर्ट आई है। ग्रामीणों ने बसोली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जांच जारी है।
श्यामसुंदर विश्नोई, डीएसपी, हिंडौली
ग्रामीण रास्ता रोककर लोगों को परेशान कर रहे थे
जखोलीखुर्द में ग्रामीणों द्वारा रास्ता रोककर लोगों को परेशान किया जा रहा था। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। वहां पर एक दंपती की बाइक से चाबी निकाल नाजायज परेशान कर अवैध वसूली की जा रही थी। पुलिस को भी वहां से निकलने में परेशान किया जा रहा था। इसके चलते डंडे से मारपीट की गई थी।
विक्रमसिंह, थानाप्रभारी, शकरगढ़
शकरगढ़ पुलिस पर मारपीट का केस दर्ज करवाया
ग्रामीणों ने शकरगढ़ पुलिस के खिलाफ बच्चों पर मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है।
भंवरसिंह राणावत, थानाप्रभारी, बसोली